Logo
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय कवर्धा में चुनाव प्रचार पर हैं। पहले यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आने वाले थे, लेकिन अचानक उनका दौरा रद्द हो गया है।

कवर्धा। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय रविवार को राजनांदगांव लोकसभा सीट के कवर्धा में चुनाव प्रचार पर हैं। जहां उनका जमकर स्वागत किया गया। हालांकि, इससे पहले यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आने वाले थे, लेकिन अचानक उनका दौरा रद्द हो गया। हाई प्रोफाइल सीट राजनांदगांव से बीजेपी प्रत्याशी और मौजूदा सांसद संतोष पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को मैदान में उतारा है। 

एमपी सीएम यादव बोले- कांग्रेसी खुद कांग्रेस को खा गए 

मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय रविवार को राजनांदगांव लोकसभा सीट के कवर्धा में चुनाव प्रचार पर हैं। सभा को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि,  छत्तीसगढ़ गढिया सबले बढ़िया। कांग्रेस इस नारे को खराब किया है और आज कवर्धा राजनांदगांव जिधर देखो उधर संतोष है। उन्होंने आगे कहा कि,गृह मंत्री देश के दुश्मनों को कहीं का छोड़ने वाले नहीं हैं। बड़े मियां तो बड़े मियां छोटे मियां सुभानल्लाह इतना बढ़िया काम किया है, विष्णु देव साय की सरकार ने पीएम मोदी के आहवान पर‌ छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस पूरी तरह से साफ हो गयी है. ये कोयला खा गए, गोबर खा गए, रेत खा गए, शराब, चावल और खुद कांग्रेस भी खा गए। कांग्रेस में इतनी भूख है कांग्रेसी खुद कांग्रेस खा गए। दुनिया में जीतनें आक्रांता थे सब चले गए लेकिन भगवा का बाल बांका नहीं कर पाए। 500 साल बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री जी की वजह से हुआ है।

सीएम साय बोले- कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को 5 साल में लूटकर कर दिया कंगाल 

कवर्धा में विष्णुदेव साय ने कहा कि, कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को 5 साल में लूटकर कंगाल कर दिया। कबीरधाम में ​​​​​​ सनातनियों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया। हिंदुओं का अपमान किया गया। बिरनपुर में भुनेश्वर साहू और कवर्धा में साधराम की हत्या की गई। जनता को धोखा दिया। एक वादा भी पूरा नहीं किया। शराब, रेत, नरवा-गरवा सब में भ्रष्टाचार किया गया। आज वो अधिकारी जेल में हैं जिन्होंने सरकार को भ्रष्टाचार में सहयोग किया।

डिप्टी सीएम साव बोले- कबीरधाम में जनता ने किया आतंक समाप्त 

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कबीरधाम में आतंक समाप्त किया है। इसमें सहयोग करने के लिए मैं लोगों का भी धन्यवाद देता हूं।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोले- आप महाकाल वाले, हम भोरमदेव वाले 

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने मंच से कहा कि, मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव जी महाकाल के धरती से आए हैं। हम भोरमदेव वाले हैं तो एमपी और छत्तीसगढ़ भाई-भाई हैं,। जिन्होंने चिकन सेंटर बंद कराया और लाउडस्पीकर बंद करवाया ऐसे मुख्यमंत्री हैं। राजनांदगांव में दो सांसद प्रत्याशी हैं एक जीत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिर फोड़ेंगे और एक प्रधानमंत्री को ताज पहनाएंगे तो आप जानो किसको सांसद बनाना है। उन्होंने आगे कहा कि, सिर फोड़ने वाले को या ताज पहनाने वाले को, मोदी जी ने 370 हटवाया तीन तलाक़ हटवाया। रामलला का मंदिर बनवाया दो बार के कार्यकाल में बड़ा बड़ा काम किया अब आगे प्रधानमंत्री बनते हैं तो और भी बड़ा काम करेंगे यह भी देखना है। इसलिए भाजपा प्रत्याशी संतोष पाण्डेय को प्रचंड बहुमत से विजय बनाकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।

संतोष पांडेय बोले- राहुल गांधी ने पीएम मोदी को कहा था पनौती 

जनसभा को संबोधित करते हुए मौजूदा राजनांदगाव सांसद संतोष पांडे ने कहा कि, राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पनौती कहा था। दिल्ली में जब लाल किले की ओर बढ़ रहे थे, तब भी आपत्तिजनक बातें कही थी। आज बीजेपी का स्थापना दिवस है। हमारी पार्टी की विचार यात्रा जनसंघ के समय से शुरू हुई। उन्होंने आगे कहा कि, भूपेश बघेल की सभा में चरणदास महंत ने कहा था कि, एक ऐसा व्यक्ति चाहिए जो मोदी का सिर फोड़ सके। अगर हिम्मत है तो पहले मुझ पर लाठी चलाकर बताओ और यही इनकी संस्कृति है।

चंद्रशेखर शुक्ला समेत 500 कांग्रेसी बीजेपी में शामिल

चुनावी सभा में सीएम के आने से पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला और पंडरिया विकासखंड के जोगी कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अश्वनी यदु समेत 500 से ज्यादा कार्यकर्ता बीजेपी में शामिल हुए हैं। नेताओं ने बीजेपी का पटका पहनाकर नए सदस्यों का स्वागत किया।
 

5379487