Logo
दिसंबर 2023 में सरकार बनते ही डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों को हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार से वार्ता का प्रसताव रखा था।

रायपुर। कुछ दिन पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों से वार्ता करने की बात रखी थी। इस वार्ता प्रस्ताव को नक्सलियों ने बेईमानी, दमन और धोखा कहा था। जिसके बाद नक्सलियों ने सरकार से बातचीत के लिए शर्त रखते हुए पर्चा फेंका है। इसी मसले पर अब डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, नक्सलियों ने किसानों को दोगुना दाम की बात कही है। लेकिन छत्तीसगढ़ के किसानों को पहले से 3100 रुपए धान का प्रति क्विंटल मिल रहा है। 

विकास कार्यों को लेकर क्या बोले डिप्टी सीएम 

विकास कार्यों को लेकर नक्सलियों की टिप्पणी पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, सड़क, बिजली, पुल, पुलिया से कॉर्पोरेट का क्या संबंध है। बातचीत के संबंध में मैं विस्तृत चर्चा कर अपनी बात रखूंगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी मार्गदर्शन लेने वाला हूं। 

मुठभेड़ों में आदिवासियों की हत्या करना बंद करें

दरअसल, नक्सलियों की दण्डकारण्य स्पेशल ज़ोनल कमेटी के प्रवक्ता विकल्प ने कहा था कि, मुठभेड़ों और क्रॉस फायरिंग के नाम पर झूठी मुठभेड़ों में आदिवासियों की हत्या करना बंद करें। तमाम सशस्त्र बलों को 6 महीने के लिए बैरकों थाना और कैम्पों तक सीमित करें। नए कैम्प स्थापित करना बंद कर दें और राजनीतिक बंदियों को रिहा किया जाए। अगर सरकार हमारी इन मांगों को पूरा करती है तो हम मोबाइल के जरिए बातचीत के लिए हम तैयार हैं। 

राजनांदगांव की जनता भूपेश बघेल से नाराज है 

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को लेकर कहा कि, राजनांदगांव लोस में कांग्रेसी उनका विरोध कर रहे हैं। भूपेश बघेल का सबसे ज्यादा विरोध राजनांदगांव जिले में हो रहा है। डॉ. रमन सिंह का क्षेत्र होने के कारण वहां विकास को रोका गया था। राजनांदगांव के कई प्रोजेक्ट उन्होंने दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए थे। इस बात को लेकर वहां की जनता और कांग्रेस नेता नाराज हैं। 

कांग्रेसी नींद से जागे, अच्छी बात है

कांग्रेस ने आज से चुनाव अभियान का आगाज कर दिया है। इसको लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, भाजपा 24 घंटे काम करने वाली पार्टी है। हमें चुनाव के पहले किसी आगाज की जरूरत नहीं है। अच्छा बात है कि, कांग्रेस के नेता नींद से जाग गए और काम कर रहे हैं।

5379487