Logo
बिरनपुर कांड पर भाजपा के पोस्टर को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि, यह कलाकार की कल्पना है। इससे किसी के मन में छटपटाहट क्यों है।

रायपुर- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बिरनपुर कांड को घटे करीब 12 महीने पूरे हो गए हैं। लेकिन 18 अप्रैल को हुई सांप्रदायिक हिंसा की आग आज भी बुझ नहीं रही है। इस घटना पर राजनीतिक घमासान आज भी चल रहा है। आगे चलकर इस तरह की घटनाओं पर रोक लगे, इसका समाधान निकालने की बजाय राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे को घेरने में ही लगी हुई हैं। भाजपा ने आज इस कांड के बाद तत्कालीन गृहमंत्री के पीड़ित परिवार से नहीं मिलने पर कटाक्ष करता हुआ पोस्टर जारी किया है। 

सत्य से अलग कुछ नहीं है  

बिरनपुर कांड पर भाजपा के पोस्टर को लेकर जब गृहमंत्री विजय शर्मा से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि, सत्य से अलग कुछ नहीं है। यह सत्य के आसपास का विषय है। किसी कलाकार की अपनी कल्पना, किसी तथ्य को उभारने की कोशिश करने में छटपटाते क्यों हैं। परेशान क्यों होते हैं। 

स्थानीय विधायक एक भी बार नहीं मिले

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, हमारे यहां कवर्धा में हुई घटना के बाद 10 बार परिजनों से मिलने हम गए हैं। अगर वे मिल लेते तो क्या चला जाता, कौनसा उनका वोट बैंक कम हो जाता। इसके बाद उन्होंने कहा कि, अगर देश के सामर्थ्य का डंका बजेगा तो मोदी जी है, जिनके माध्यम से हो सकता है।  भाजपा ने 90 दिन में जो काम किए हैं। वह आज पूरे देश में दिख रहा है। भाजपा जनता की सेवा करके वोट मांगती है। 

सीएम कलेक्टर और एसपी की लेंगे बैठक 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कलेक्टर और एसपी की बैठक लेंगे। इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि,   यह सामान्य प्रशासनिक विषय है। सामने चुनाव भी है, सभी चीज अच्छे से हो, इसलिए पहले से प्रशासन मुस्तैद हो जाए। इन सभी पर चर्चा विस्तार से की जाएगी। 

अपराध करने वालों को सबक सिखाया जाएगा 

माना बस्ती में हुई लाखों की डकैती पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, रायपुर में कोई चाकूबाजी की घटना या गैंग वार की घटना नहीं हो रही है। पिछले 15 दिनों से सभी ने रिलैक्स महसूस किया हुआ है। रही बात माना बस्ती की तो इस घटना के सभी आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। दंड के प्रावधान भी ऐसे करने की कोशिश की जाएगी ताकी सभी को सबक मिले और अपराध करने से पहले अपराधी सौ बार सोचे...

5379487