Logo
22 फरवरी को अमित शाह छत्तीसगढ़ आ रहे हैं । इस दौरान वे क्लस्टर स्तरीय सभा और बैठक करेंगे। इसके ठीक बाद केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का भी इसी माह दौरा होगा।

रायपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से कमर कस ली है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह 22 फरवरी छत्तीसगढ़ को आने वाले हैं। इसके ठीक बाद केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का भी इसी माह दौरा होगा। केंद्रीय मंत्री शाह रायपुर कलस्टर में कहीं आमसभा करके चुनावी बिगुल फूंकने का काम करेंगे। बस्तर कलस्टर की वे बैठक लेंगे और अंत में बिलासपुर कलस्टर में बुद्धिजीवियों के सम्मेलन में शामिल होंगे। 

प्रदेश संगठन कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में लगा है। रायपुर कलस्टर में आमसभा कहां होगी इसको लेकर मंथन चल रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने देश भर की लोकसभाओं को 146 कलस्टरों में बांटा है। छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में बांटा गया है। इसके प्रभारी भी तय हो गए हैं। इसी के साथ सभी 11 लोकसभाओं के लिए प्रभारी, सह प्रभारी, संयोजक और सह संयोजक भी बनाए गए हैं। अब इनकी लगातार बैठकें राष्ट्रीय नेता लेकर इनको मार्गदर्शन देंगे।

शाह लेंगे बस्तर कलस्टर की बैठक

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए सबसे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यक्रम तय किया गया था। वे यहां पर 28 जनवरी को आने वाले थे, लेकिन बिहार में हुई सियासत के कारण उनका आना टल गया। अब केंद्रीय मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम तय किया गया है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के दौरे का आगाज बस्तर से होगा। वे सबसे पहले बस्तर कलस्टर की बैठक लेंगे। बस्तर कलस्टर में बस्तर, कांकेर के साथ महासमुंद लोकसभा को रखा गया है।

आमसभा को लेकर मंथन

केंद्रीय मंत्री अमित शाह की आमसभा के लिए रायपुर कलस्टर तय किया गया है। इस कलस्टर में रायपुर लोकसभा के साथ दुर्ग, राजनांदगांव और जांजगीर चांपा लोकसभा हैं। इनमें से किसी भी एक लोकसभा के किसी भी स्थान में आम सभा होगी। आमसभा कहां की जाए इसको लेकर प्रदेश संगठन में लगातार मंथन चल रहा है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के दौरे के बाद राजनाथ सिंह का छत्तीसगढ़ का दौरा होगा। इनके दौरे में भी ठीक वैसे ही कार्यक्रम होंगे। एक कलस्टर की बैठक लेकर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे। इसके बाद एक कलस्टर में आमसभा का आयोजन किया जाएगा। एक कलस्टर में बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा होगी।

jindal steel hbm ad
5379487