Logo
डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्र के लिए तैयारियों को लेकर मंदिर ट्रस्ट समिति और प्रशासन की बैठक हुई। कलेक्टर संजय अग्रवाल प्रमुख अधिकारियों सहित तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान वे रोपवे में फंस गए। 

राजा शर्मा-डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के धर्म नगरी डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्र के लिए तैयारियों को लेकर मंदिर ट्रस्ट समिति और प्रशासन की बैठक हुई। कलेक्टर संजय अग्रवाल प्रमुख अधिकारियों सहित तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। रोपवे का निरीक्षण करने के दौरान लाईट गुल हो गई और वे कुछ देर के लिए बीच में ही अटक गए। डोंगरगढ़ समय-असमय लाईट गुल होने से पूरा शहर परेशान है। कई बार शिकायत करने के बाद भी बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। 

दरअसल, नवरात्र के दौरान मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में दर्शनार्थी माता के दरबार पहुंचते हैं। इसके लिए मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन विशेष व्यवस्थाएं करते हैं। माता के सुगम दर्शन के लिए सभी शासकीय विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की मनौजूदगी में रूपरेखा तैयार की गई। दर्शानार्थियों के लिए जगह-जगह पंडाल लगा कर सेवा देना, पार्कंग की व्यवस्था और लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारी-कर्मचारियों को आदेश दिया। इसके बाद मंदिर के कंट्रोल रूम और रोपवे का जायजा लिया।  

बिजली विभाग ने गुल की लाईट

आज दोपहर 12 बजे कलेक्टर संजय अग्रवाल कुछ अधिकारियों के साथ रोपवे का निरीक्षण करने के लिए ट्राली में बैठकर ऊपर पहाड़ी में जा रहे थे, ठीक उसी समय बिजली विभाग ने लाईट गुल कर दी। मंदिर ट्रस्ट ने जनरेटर चालू कर जैसे-तैसे ट्राली ऊपर भेजी। कलेक्टर और अधिकारियों के पहाड़ी पर पहुंचते ही लाईट भी आ गई। बिजली विभाग दिन भर में कई बार 5-5 मिनट के लिए लाईट गुल करते हैं इससे शहरवासी परेशान रहते हैं। उनका कहना है कि, कई बार शिकायत करने पर भी बिजली विभाग के कान में जूं तक नहीं रेंगता है। आज तो कलेक्टर सहित प्रमुख अधिकारियों को इसका प्रमाण भी मिल गया। अब देखना यह होगा कि, उन पर क्या कार्रवाई होती है।   

5379487