Logo
भारतीय किसान संघ ने बारदाने की समस्या को लेकर जिले के सभी 108 धान खरीदी केन्द्रों में खरीदी बंद करा दिया। अपनी मांग को लेकर  एक घंटे तक सांकेतिक प्रदर्शन किया।

संजय यादव-कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भारतीय किसान संघ ने बारदाने की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। जिले के सभी 108 धान खरीदी केन्द्रों में खरीदी बंद करा दिया। अपनी मांग को लेकर एक घंटे तक सांकेतिक प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से बारदाने की मांग की। 

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री जीवन यादव ने बताया कि, जिले में 60 लाख नए बारदाना होने के बाद भी किसानों से बारदाना मांगा जा रहा है। जबकि राईस मिलर्स ने बारदाना जमा नहीं किया है। इससे बारदाने की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में किसानों के लिए बड़ी समस्या हो गई है। शासन प्रशासन को इस बात का अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि,आज पूरे जिले में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है। आने वाले दिनों में यदि समस्या का समाधान नहीं हो पाया, तो किसान उग्र आंदोलन करने बाध्य होंगे।

इसे भी पढ़ें...किसान बेच नहीं पा रहे धान : ऑनलाइन सिस्टम में किसी का रकबा घटा, किसी का कुछ हेक्टेयर ही बता रहा

किसानों की समस्या को लेकर कांग्रेस करेंगी उग्र प्रदर्शन 

वहीं इस मामले पर कांग्रेस ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता तुकाराम चंद्रवंशी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, धान खरीदी अभी ठीक से शुरू नहीं हुई है और सरकार के पसीने छूटने शुरू हो गई है। सरकार किसानों को बारदाना उपलब्ध नहीं करा पा रही है तो क्या किसानों को पूरा धान खरीद पायेंगे। उन्होंने कहा कि, किसानों की समस्या पर गंभीरता से ध्यान नही दें रहे है, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस किसानों की समस्या को लेकर उग्र प्रदर्शन करने तैयार है।

 

jindal steel jindal logo
5379487