Logo
पूर्व सीएम श्री बघेल छत्तीसगढ़ क्लब के पास ई-1 बंगले में रहेंगे। वहीं सीएम विष्णुदेव साय के लिए अभी तक बंगला तय नहीं किया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि, वे सीएम आवास में रह सकते हैं। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने के कई दिन बाद आखिरकार प्रदेश के मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष को बंगले आबंटित कर दिए गए हैं। जहां विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को स्पीकर हॉउस आवंटित कर दिया गया है। यहां रह रहे डॉ. चरणदास महंत को गांधी उद्यान के पीछे ई-1 सरकारी आवास आबंटित किया गया है। साथ ही पूर्व सीएम भूपेश बघेल को ई-1 छत्तीसगढ़ क्लब के पास सिविल लाइन में बंगला आबंटित किया गया है।

छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित सीएम विष्णुदेव साय के लिए अभी तक बंगला तय नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि, वे सीएम निवास में ही जा सकते हैं। वहीं जयसिंह अग्रवाल का बंगला ओपी चौधरी को दिया गया है। टंकराम वर्मा को मोहम्मद अकबर और श्यामबिहारी जयसवाल को पूर्व मंत्री शिव डहरिया का बंगला आबंटित किया गया है। इसी तरह प्रेमसाय सिंह टेकाम का बंगला महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े को दिया गया है।

डिप्टी सीएम साव समेत ये मंत्री रहेंगे यहां 

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का बंगला दिया गया है। संयोग से टीएस सिंहदेव पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में प्रदेश के डिप्टी सीएम थे। गृहमंत्री विजय शर्मा को पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का बंगला आबंटित किया गया है। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल अपने पुराने कमिश्नर बंगले में ही रहेंगे। श्री अग्रवाल ने सरकार बदलने के बावजूद भी अपना बंगला खाली नहीं किया था। मंत्री रामविचार नेताम को सी-5 सिविल लाइंस स्थित शंकर नगर में बंगला दिया गया है। वर्तमान में यहां आबकारी मंत्री कवासी लखमा कर रहे थे। पूर्व में यह चर्चा भी उठी थी कि, श्री लखमा का बंगला पूर्व सीएम भूपेश बघेल को दिया गया है। लेकिन कल सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में इसे श्री नेताम को दिया गया है। 

मंत्री ओपी चौधरी और अन्य मंत्रियो का ये होगा नया निवास 

मंत्री दयालदास बघेल को जेल रोड स्थित वन विभाग का पुराना वन संरक्षक बंगला आबंटित किया गया है। कांग्रेस सरकार में यहां मंत्री गुरुरूद्र कुमार निवास कर रहे थे। मंत्री केदार कश्यप को फारेस्ट कॉलोनी स्थित राजातालाब में सी-4 और सी-5 बंगला आबंटित किया गया है। पूर्व में यहां अनिला भेड़िया रह रही थी। मंत्री ओपी चौधरी को डी 5/9 शंकर नगर में सरकारी बंगला दिया गया है। मंत्री लखनलाल को सी-4 शंकर नगर में बंगला दिया गया है, पूर्व में यहां रविंद्र चौबे रह रहे थे। मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े को डी-7 और डी-8 शंकर नगर में सरकारी बंगला दिया गया है। वहीं मंत्री टंकराम को बी-5/10 शंकर नगर में बंगला दिया गया है।

भाजपा अध्यक्ष किरण देव को देना होगा प्रति महिने लायसेंस शुल्क 

छत्तीसगढ़ भाजपा के नए अध्यक्ष किरण देव को सिबिल लाइन में बंगला आबंटित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि, उनसे मासिक लायसेंस शुल्क के रूप में 638 रूपये लिया जायेगा। 
 

5379487