Logo
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एल आई सी परिसर में सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं के हकों, न्याय और बराबरी के लिए जारी संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया गया।

रायपुर l अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजनों के क्रम में आज रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन की महिला समिति ने एल आई सी परिसर में सभा का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं के हकों, न्याय और बराबरी के लिए जारी संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया गया। सभा की अध्यक्षता महिला समिति की अध्यक्ष ज्योति पाटिल और संचालन सचिव अनुसूईया ठाकुर ने किया। जनगीतों और जोशीले नारों के साथ सभा की शुरूआत हुई l सभा को यूनियन और महिला समिति के नेतृत्वकारी साथियों संध्या भगत, सुजाता भोयर, वी.एस. बघेल, सुरेंद्र शर्मा, राजेश पराते, दिलीप भगत, धनंजय पांडे, ज्योति पाटिल, अनुसूईया ठाकुर, कविता दीक्षित, उर्मिला केरकेट्टा और सीमा तिवारी ने संबोधित किया। 

20 वीं सदी में दुनिया भर की श्रमिक महिलाओं ने बेहतर वेतन,  कार्य स्थितियों में सुधार और अन्य सुविधाओं की मांग पर ऐतिहासिक संघर्षों का आगाज किया था।  न्यूयार्क सहित दुनिया भर की कामगार महिलाओं के इन संघर्षो से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन की शुरूआत हुई थी। इसके बाद ये संघर्ष महिलाओं के लिए न्याय, मताधिकार और समानता के संघर्षो में रूपांतरित हो गए थे। वक्ताओं ने कहा कि, आज हमारे देश में महिलाओं की स्थिति अत्यधिक सोचनीय है l लगातार जारी निजीकरण, ठेका प्रथा, आउट सोर्सिंग ने महिला कामगारों का बहुत शोषण किया है l दूसरी ओर धार्मिक और जातीय आधारों पर थोपे जा रहे राजनीतिक विभाजनों के कारण महिलाओं पर हिंसा की घटनाओं में इजाफा हुआ है। 

raipur
 

महिलाओं को समझा जा रहा दोयम दर्जे का इंसान

महिला पहलवानों से लेकर एक माह की बच्ची तक का यौन उत्पीड़न और मणिपुर की हिंसा में महिलाओं को मुख्य निशाना बनाने की घटनाएं प्रदर्शित करती हैं कि, स्त्रियों को दोयम दर्जे का इंसान समझने की मनोवृत्ति खतरनाक रूप से बढ़ रही है। यह हमारे देश की सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। वक्ताओं ने देश के सार्वजनिक संस्थाओं सहित एल आई सी के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि, सार्वजनिक क्षेत्रों ने महिला कामगारों को बेहतर कार्य स्थितियों के साथ सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया है l वक्ताओं ने कहा कि, आगामी आम चुनाव में इस देश के मेहनतकशों को वैकल्पिक जन पक्षधर नीतियों के पक्ष में राजनीतिक परिवर्तन का मौका प्रदान कर रहे हैं l हमें विश्वास है कि, देश के राजनीतिक क्षितिज में एक नए सूर्योदय का आगाज होगा। 

महिलाओं ने ‘मेगा बिजनेस डे’ मनाने का लिया संकल्प

इस अवसर पर महिला समिति ने रायपुर शहर में समाज सेवा के कामों के लिए 50 हजार रुपए भी एकत्रित किए हैं। कार्यक्रम के अंत में आगामी 13 मार्च को आल इण्डिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के आह्वान पर एल आई सी में 'मेगा बिजनेस डे' के आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। फीबी भगत के आभार प्रदर्शन के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ। सभा में रायपुर शहर की सभी एल आई सी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी मौजूद रहे। 

5379487