Logo
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार को बने आज तीन महीने पूरे हो गए। इस अवसर पर भाजपा अपनी उपलब्धियां गिना रही है, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस सरकार को फेल बता रही है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के कार्यकाल को आज तीन महीने पूरे हो गए। सरकार के तीन महीने पूरे होने पर कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि, प्रदेश में लगातार मोदी जी की गारंटी पूरी हो रही है। 5 साल से प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास का काम बंद पड़ा हुआ था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में 18 लाख आवास बनाने की स्वीकृति दी गई। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश में महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह दिया जा रहा है। किसानों के खाते में बोनस की राशि डाल दी गई। सरकार के कामों को देखकर लोकसभा चुनाव में 11 की 11 सीटो पर जनता बीजेपी पर भरोसा जताएगी। 

सीएए पर केजरीवाल का रोना, चौधरी बोले-यह दोगलापन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस आरोप पर कि, भाजपा हमारे बच्चों को नौकरी नहीं दे सकती, लेकिन वे पाकिस्तान से आए बच्चों को नौकरी देना चाहते हैं, मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, केजरीवाल जैसे दोगलेपन वाले जो लोग हैं वे अल्पसंख्यकों के नाम पर एक समुदाय विशेष के लिए हल्ला करते हैं, रोना रोते हैं। आप कल्पना करिए अफगानिस्तान में पाकिस्तान में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक के रूप में जो प्रताड़ना का जीवन जी रहे थे, वहां से भाग कर भारत आए हैं, उनका अधिकार नहीं मिलता है, तो यह कौन सी मानवता है। भारत की संस्कृति के अनुरूप यह निर्णय हुआ है कि, जो लोग अल्पसंख्यक के रूप में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश में प्रताड़ित थे, उनके साथ सही मायने में आज न्याय देने का प्रयास हुआ है।

हमें कांग्रेस से सर्टिफिकेट नहीं चाहिए, जनता ने दे दिया है

कांग्रेस के इस आरोप पर कि, तीन महीने हो गए सरकार बने, लेकिन प्रदेश में भाजपा ने कुछ नहीं किया है, मंत्री ओपी चौधरी ने कहा- हमें कांग्रेस से कोई सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। 2023 के चुनाव में जनता ने हमें सर्टिफिकेट दिया है। अभी 2 महीने बाद लोकसभा चुनाव है, इसमें भी जनता के सर्टिफिकेट के लिए हम काम कर रहे हैं। कांग्रेस के सर्टिफिकेट के लिए काम नहीं कर रहे हैं। अभी भी हमें जनता सर्टिफिकेट देगी, ये कितने घटिया और बदमाश लोग हैं इनको जानता पिछले 5 सालों में समझ चुकी है। अभी हमारी सरकार को 100 दिन पूरे नहीं हुए और उसके पहले किसानों के खातों में पैसा डाला जा चुका है। महतारी वंदन योजना प्रारंभ हो चुकी है। 2 साल का बोनस दिया जा चुका है। आवास देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। पीएससी में सीबीआई जांच की घोषणा हो चुकी है। कांग्रेस को समझ नहीं आ रहा है वह करे क्या।

जनता ने कांग्रेस को कहीं का नहीं छोड़ा 

20,000 करोड़ रुपए सरकार ने 3 महीने में जनता के खातों में पहुंचा दिए। फिर भी कांग्रेस का आरोप है, जनता को कुछ नहीं मिला। इस पर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि, इसलिए बार-बार फेल हो रहे हैं। भूपेश बघेल से या कांग्रेस के किसी नेता से उम्मीद कर सकते हैं कि, उनको गणित समझ में आएगी। इसलिए ये पूरी तरह से फेल हैं और जनता ने उन्हें जीरो मार्क्स दिया है। जनता ने उन्हें किसी को मार्क्स देने लायक छोड़ा ही नहीं है।

5379487