Logo
सरकार ने 'राम वन गमन परिपथ' निर्माण का सोशल आडिट कराने का फैसला किया है। विधायक चंद्राकर ने मूर्ति बनाने वालों की योग्यता पर सवाल उठा दिए हैं। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सियासी हो चले 'राम वन गमन परिपथ' को लेकर एक बार फिर से भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। 'राम वन गमन परिपथ' निर्माण का सोशल ऑडिट कराने के फैसले पर वरिष्ठ BJP विधायक अजय चंद्राकर ने कहा है कि, प्रदेश के इतिहास से छेड़छाड़ की किसी को अनुमति नहीं है। जिन कंपनियों को मूर्ति बनाने का काम कांग्रेस पार्टी की भूपेश सरकार ने दिया, उन्हें अनुभव नहीं था। अजय चंद्राकर ने यहां तक कहा कि, चंदखुरी में लगी मूर्ति भगवान राम जैसी दिखती है क्या। किसी को श्रीराम के नाम पर पैसे खाने का हक नहीं है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति के नाम पर कांग्रेस सरकार ने पैसा खाया। अब सोशल ऑडिट के माध्यम से जनता के सामने तथ्य रखेंगे। 

कुमार गौरव जैसे फ्लाप स्टार हैं राहुल गांधी

अजय चंद्राकर ने अपने जमाने के सुपर स्टार राजेंद्र कुमार के अभिनेता बेटे कुमार गौरव से राहुल गांधी की तुलना करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को फ्लॉप स्टार बताया। उल्लेखनीय है कि, इस समय राहुल गांधी की न्याय यात्रा छततीसगए़ में है। इस पर अजय चंद्राकर ने कहा कि, विपक्ष इस समय विधानसभा से लापता है। उनके सभी विधायक फ्लॉप स्टार कुमार गौरव की पिक्चर देखने में लगे हैं। लोकसभा चुनाव का परिणाम बताएगा यात्रा से कांग्रेस को कितना लाभ होगा।

अपनी खीझ निकालने आडिट करावा रही सरकार : कांग्रेस

उधर, राम वन गमन परिपथ का सोशल आडिट कराने के सरकार के फैसले पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि, सरकार राम वन गमन परिपथ पर जनमत संग्रह कराए, सरकार जनता से पूछे, राम वन गमन परिपथ बनना चाहिए या नहीं। भगवान राम की मूर्तियां लगानी चाहिए या नहीं। 15 साल BJP सरकार ने न परिपथ बनवाया, न मूर्ति लगाई। अब भूपेश बघेल ने कौशल्या मंदिर का जिर्णोद्धार कराया, राम वन गमन परिपथ का निर्माण कराया, कई स्थानों पर भगवान राम की मूर्तियां लगवाईं तो अब भाजपा अपनी खीझ निकालने के लिए सोशल ऑडिट करा रही है।

5379487