Logo
हिमाचल प्रदेश का सियासी संकट छत्तीसगढ़ तक आ पहुंचा है। दरअसल, पूर्व सीएम भूपेश बघेल हिमाचल प्रदेश से वापस रायपुर लौट आए हैं। यहां आने के तुरंत बाद उन्होंने कहा कि, राज्यसभा चुनावी मुद्दा नहीं था। ये तो BJP का षड्यंत्र था...

रायपुर- हिमाचल प्रदेश की एकमात्र सीट के लिए राज्यसभा में कुछ दिन पहले कांग्रेस विधायकों के क्रॉस वोटिंग पर संकट पैदा हुआ था। हिमाचल में स्थिति यह है कि, कांग्रेस अपनी सरकार बचाने के लिए संघर्ष करती हुई दिखाई दे रही है। इस क्रॉस वोटिंग में कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंहवी को ड्रा के माध्यम से बीजेपी के हर्ष महाजन ने हरा दिया था। जैसे ही यह खेल बराबरी का हुआ, वैसे ही हिमाचल की सियासत में भूचाल आ गया है। इन सब के बीच संकट से बचने के लिए कांग्रेस ऑब्जर्वर्स भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के साथ पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने हिमाचल पहुंचकर मीटिंग की थी। हालांकि आज वे वापस रायपुर लौट आए हैं। 

पूर्व सीएम ने चुनी हुई सरकार को अस्थिर बताया 

हिमाचल से वापस आकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि, चुनी हुई सरकार अस्थिर है। हिमाचल एपिसोड को लेकर उन्होंने कहा कि, हिमाचल में सिर्फ राज्यसभा चुनाव मुद्दा नहीं था। BJP का षड्यंत्र था, चुनी हुई सरकार को तुरंत गिराया जाए। 6 सदस्यों की सदस्यता रद्द कर दी गई है। BJP का 'ऑपरेशन लोटस' हिमाचल में विफल हुआ है। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार 5 साल चलेगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू हमारे मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे। 

कांग्रेस लड़ने से पहले हार मान गई- साव 

हिमाचल के मसले को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, कांग्रेस लड़ने के पहले हार मान चुकी है। जिस पर पलटवार करते हुए पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि, अरुण साव अब उपमुख्यमंत्री हैं, पहले तो सिर्फ सांसद थे। उन्हें सरकार की उपलब्धियों की बात करनी चाहिए। अगर आपके पास डबल इंजन की सरकार है तो ट्रेनें क्यों रद्द हो रही हैं। 'मोदी की गारंटी' अब तक लागू क्यों नहीं की गई है। अरुण साव को पहले इन सवालों का जवाब देना चाहिए। 

यह छग के हक का पैसा है- भूपेश 

केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को 4,842 करोड़ की राशि दी है। जिसके लिए सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया है। लेकिन इस बात से पूर्व सीएम भूपेश बघेल नाखुश नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, यह छग के हक का पैसा है, ऐसा करके ये एहसान कर रहे हैं क्या? डबल इंजन सरकार है तो 18 लाख आवास गरीबों को दे देना था। धरातल पर पैसा मिला नहीं, सिर्फ विज्ञापनों में दावा कर रहे हैं। उसके लिए केंद्र से कितना पैसा आया यह बताएं? अंतर की राशि का हिस्सा आया की नहीं, यह भी बता दें। बोनस पर जो प्रतिबंध लगाया था, वह हटाया की नहीं?

राज्य सरकार ने 13 हजार करोड़ का कर्ज लिया

भूपेश बघेल ने कहा कि, छग सरकार ने अब तक 13 हजार करोड़ का कर्ज लिया है। MP में यही काम कर रहे हैं, छग में भी यही काम चल रहा है। राजस्व बढ़ाने के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है। उधार लेकर घी पीयो, ये सरकार की नीति है। 

ED की छापेमारी पर क्या बोले पूर्व सीएम 

छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर एक बार फिर से ED ने छापा मारा है। ED के छापों को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि, छोटे-छोटे अधिकारी और कर्मचारियों के यहां ED के छापे पड़े हैं। अब तक ED का मोह छत्तीसगढ़ से छूटा नहीं है। 

5379487