Logo
कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा का आज समापन होगा। पुलिस विभाग भर्ती में आयु सीमा में 5 साल की छूट देने का आदेश जारी कर दिया है।  

रायपुर। छत्तीसगढ़ की छोटी-बड़ी सभी खबरें रोजाना हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'सीजी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और छत्तीसगढ़ की हर खबर से अपनी जानकारी बढ़ाएं।

सीएम साय विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल : सीएम साय रायपुर और बलरामपुर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सबसे पहले सीएम साय सदर बाजार, आजाद चौक रायपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024- स्वच्छता पखवाड़ा समापन समारोह एवं खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में शामिल होंगे। वहीं 11.50 बजे बलरामपुर-रामानजुगंज के लिए रवाना होंगे। जहां पर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।

न्याय यात्रा का समापन : कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा का आज समापन होगा। न्याय यात्रा 6 वें दिन राजधानी के सद्दू स्थिति अमर पैलेस से पंडरी रोड शास्त्री चौक होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगी। समापन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शामिल होंगे। गांधी मैदान में विशाल आम सभा के बाद न्याय यात्रा का समापन होगा।

पुलिस भर्ती में आयु सीमा की मिली छूट : सीएम साय के निर्देशानुसार और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से सरकार ने पुलिस के पदों पर होने वाली भर्ती प्रक्रिया-2024 के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट देने का आदेश जारी कर दिया है। यह छूट सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमाण्डर के पद पर नियुक्ति हेतु भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2024 में केवल एक बार के लिए निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में 05 वर्ष (सभी छूटो को मिलाकर अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष से अधिक नहीं होगी) का शिथिलीकरण करते हुए निर्धारित आयु सीमा में 05 वर्ष की छूट प्रदान किया गया है।


 

5379487