Logo
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के चलते भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की अलग-अलग जिलों में जनसभा हो रही है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व सीएम साय आज खैरागढ़ जिले में प्रचार करेंगे। चैत्र नवरात्र का आज छठवां दिन है। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव बिलकुल नज़दीक आ चुके हैं, ऐसे में भाजपा कि दिग्गज नेता व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित सीएम साय आज खैरागढ़ में जनसभा करेंगे। डिप्टी सीएम अरुण साव राजनांद गांव सहित 3 जिंलों में प्रचार करेंगे। पूर्व सीएम बघेल भी राजनांद गांव में लगातार जनसभा कर रहे हैं। पीसीसी चीफ दीपक बैज आज बस्तर के दौरे पर रहेंगे। चैत्र नवरात्र का आज छठवां दिन है। 

छत्तीसगढ़ में 14 अप्रैल को कहां-क्या ? LIVE UPDATES

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा आज

लोकसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे खैरागढ़ में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और प्रत्याशी संतोष पांडेय के पक्ष में प्रचार करेंगे। गृहमंत्री दोपहर 2 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुँचेंगे और फिर खैरागढ़ के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 2.35 को खैरागढ़ पहुंचेंगे और दोपहर 2.45 पर जनसभा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद गृहमंत्री शाह दोपहर 3.40 बजे महाराष्ट्र के लिए रवाना हो जाएंगे। 

सीएम विष्णुदेव साय का रायपुर-खैरागढ़ दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और खैरागढ़ दौरे पर रहेंगे। सीएम साय 12 बजे डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 2 बजे खैरागढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम साय आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ खैरागढ़ के दौरे पर रहेंगे। वहां वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में शामिल होने के बाद सीएम शाम 4.15 पर राजधानी लौट जाएंगे। सीएम रायपुर पहुँचकर रात 8:40 बजे कालीबाड़ी में आयोजित बंग्ला नववर्ष कार्यक्रम में शामिल होंगे।

डिप्टी सीएम अरुण साव रहेंगे राजनांदगांव, दुर्ग व बिलासपुर दौरे पर

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव आज राजनांदगांव, दुर्ग व बिलासपुर दौरे पर रहेंगे। वे 12:30 बजे डोंगरगढ़ पहुँचकर माँ बंबलेश्वरी मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद दुर्ग ज़िले में भक्त माता कर्मा जयंती और प्रतिभा सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। डिप्टी सीएम बिलासपुर के रतनपुर में माँ महामाया मंदिर में दर्शन करेंगे।

PCC चीफ दीपक बैज करेंगे दंतेवाड़ा जिला का दौरा

कांग्रेस नेता व PCC चीफ दीपक बैज आज दंतेवाड़ा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे किरंदुल, बचेली और गीदम में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। दीपक बैज इस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे। वे बस्तर में होने वाले प्रथम चरण के चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे। 

पूर्व सीएम भूपेश बघेल का धुआंधार प्रचार जारी

वहीं, पूर्व सीएम भूपेश बघेल का राजनांदगांव में धुआंधार प्रचार जारी है। वे लगातार जनसंपर्क अभियान के माध्यम से अलग अलग गांव में प्रचार कर रहे हैं। पूर्व सीएम आज भी राजनांदगांव के कई गांव में कार्यकर्ताओं और आम जनता से भेंट मुलाकात करेंगे। भुपेश बघेल कांग्रेस की गारंटी को घर घर पहुंचाने का कर रहे हैं। 

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत,

प्रदेश में लोक सभा चुनाव के लिए कांग्रेस पूरे दम-खम के साथ प्रचार करने में लगी है। बीते दिन राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में पूरी ताकत से जनता को साधने की कोशिश की। वहीं अब प्रचार के लिए कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रियंका गांधी भी 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ आ सकती हैं। उनके राजनांदगांव में आमसभा को संबोधित करने की संभावना है। वहीं कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का भी छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारी हो चल रही है। खडगे महासमुंद और जांजगीर में सभा को संबोधित कर सकते हैं। कांग्रेस छत्तीसगढ़ में स्टार प्रचारकों के दौरे की समीक्षा तैयारियों का कर रही है।

छत्‍तीसगढ़ में 60 प्रतिशत तक बढ़े मतदान केंद्र

छत्‍तीसगढ़ राज्य में बीते 25 वर्ष में मतदान केंद्रों की संख्या 60 प्रतिशत तक बढ़ी है। प्रदेश की राजधानी रायपुर में सबसे ज्‍यादा पोलिंग बूथ बने हैं। 11 लोकसभा सीटों पर मतदान केंद्रों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बता दें, 1998 में छत्‍तीसगढ़ में सिर्फ 15,110 मतदान केंद्र थे, जिसकी संख्या 2024 में बढ़कर 24 हजार से अधिक हो चुकी है। 2024 में रायपुर लोकसभा सीट में सबसे ज्यादा मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 

चैत्र नवरात्रि का छठां दिन आज

चैत्र नवरात्रि का आज छठवां दिन है। आज मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा जाती है। आज रवि योग में मां कात्यायनी की पूजा होती है। मां कात्यायनी की आराधना करने से व्यक्ति को शक्ति और अभय की प्राप्ती होती है। रविवार को राजधानी रायपुर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। प्रदेश के सभी देवी मंदिरों में माता की भव्य श्रृंगार के साथ विशेष आरती की जाएगी।

5379487