Logo
मंत्री जेपी नड्डा ने सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान की रफ्तार बढ़ाने का संदेश दिया और टार्गेट 10 लाख बढ़ा दिया। अब 50 लाख की जगह 60 लाख सदस्य बनाए जाएंगे।

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में अब 50 लाख की जगह 60 लाख सदस्य बनाए जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने यह नया टार्गेट दिया है। गुरुवार को रायपुर पहुंचे श्री नड्डा ने सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान की रफ्तार बढ़ाने का संदेश दिया और टार्गेट 10 लाख बढ़ा दिया। श्री नड्डा ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह  से प्रदेश की स्थिति पर अलग से चर्चा की। श्री नड्डा ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सदस्यता अभियान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव, सदस्यता अभियान की प्रभारी विजया राहटकर के साथ साय मंत्रिमंडल के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों से इसकी पूरी जानकारी ली। उसके बाद टार्गेट बढ़ाया गया।  

बैठक में डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, प्रदेश के मंत्री, विधायक, सांसद, प्रदेश के पदाधिकारी, सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव और उनकी टोली के सदस्य शामिल हुए। श्री नड्डा को संयोजक अनुराग सिंहदेव ने सदस्यता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उनको बताया गया कि सदस्यता अभियान में 24 सितंबर तक 20 लाख सदस्य बने थे। इसके बाद 25 सितंबर को बूथों में चलाए गए अभियान में करीब दस लाख सदस्य बने हैं। इसमें से सात लाख सदस्य मिस्ड कॉल करके ऑनलाइन बने हैं। जहां पर नेटवर्क नहीं था, वहां पर ऑफलाइन फार्म भरके सदस्य बनाए गए है। 

इसे भी पढ़ें ... सामूहिक अवकाश पर छत्तीसगढ़ के अधिकारी-कर्मचारी 

साय-रमन के साथ अलग से चर्चा

श्री नड्डा ने सदस्यता अभियान की समीक्षा करने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के साथ अलग से चर्चा की। इसमें सबसे अहम प्रदेश के हालात के बारे में जानकारी ली। सरकार के काम-काज के बारे में पूछा। 

दिल से, दल से, जुड़ें कमल से : नड्डा

बैठक में श्री नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे राष्ट्र से संगठन के महापर्व में जुड़ने की अपील कर रहे हैं। यह महापर्व हम सब के लिए सदैव अविस्मरणीय हो। हम सबको प्रधानमंत्री के इस सूत्र  वाक्य को अंतिम व्यक्ति तक ले जाने की जरूरत है। दिल से, दल से. जुड़े कमल से। पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भाजपा के सदस्य बनने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हम अपने लक्ष्‌यों को पूर्ण कर लेंगे। हमें पूर्ण विश्वास है इस दिशा में पार्टी कार्यकर्ता जुटा हुआ है। बैठक के बाद श्री नड्डा रायपुर के जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष विमान से रवाना हुए। 
 

5379487