Logo
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और विधायक रेणुका सिंह की बेटी मोनिका सिंह को विश्व हिंदू महासंघ मातृ शक्ति विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

मनेन्द्रगढ़। विश्व हिंदू महासंघ छत्तीसगढ़ मातृ शक्ति विंग का अधिवक्ता मोनिका सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। मोनिका सिंह की यह नियुक्ति विश्व हिंदू महासंघ मातृ शक्ति विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष करिश्मा सिंह हाड़ा ने प्रदेश अध्यक्ष पुष्पराज सिंह बघेल की अनुशंसा पर की गई है। धार्मिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने वाली मोनिका सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को लेकर लंबे समय से सक्रिय है। उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें प्रदेश में जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

अपनी नियुक्ति को लेकर महासंघ के प्रति आभार जताते हुए अधिवक्ता मोनिका सिंह ने कहा कि, जिस आशा और उम्मीद के साथ मुझे जो दायित्व सौंपा गया है उस पर मैं खरा उतरने का भरसक प्रयास करूंगी। प्रदेश भर में सनातन धर्म और हिंदुत्व को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मोनिका ने बताया कि, विश्व हिंदू महासंघ के द्वारा समय-समय पर हिंदुत्व को लेकर कार्य किए जाते हैं और लोगों को जागरूक भी किया जाता है। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय संरक्षक हैं, इससे पहले योगी आदित्यनाथ इस संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं। वर्तमान में विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष माँ कालका पीठाधीश्वर कालका जी मंदिर दिल्ली के महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत हैं। यह संघ कई वर्षों से हिंदुत्व के लिए कार्य कर रही है।

विधायक रेणुका सिंह की बेटी है मोनिका सिंह

प्रदेश उपाध्यक्ष बनाई गई अधिवक्ता मोनिका सिंह ने लॉ से पोस्ट ग्रेजुएट किया है और सामाजिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहती हैं। मोनिका सिंह पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और भरतपुर सोनहत विधानसभा से विधायक रेणुका सिंह की सुपुत्री है। मोनिका को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर उनके शुभचिंतको ने हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है।
 

5379487