Logo
स्वावलंबन की राह पर चल पड़ी समूह की महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारी। वे आपस में पैसा जुटाकर पशुपालकों से गोबर खरीदी कर खाद भी बना रही हैं।

रायपुर। रायपुर नगर निगम के 10 जोन में स्थित 9 गोबर खरीदी केन्द्रों में गोधन न्याय योजना के पशुपालकों से गोबर खरीदी अघोषित रूप से बंद है, पर स्वावलंबन की राह पर चल पड़ी समूह की महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारी। वे आपस में पैसा जुटाकर पशुपालकों से गोबर खरीदी कर खाद भी बना रही हैं। जरवाय गोबर खरीदी केन्द्र और गोकुलनगर गोठान की महिला समूह ने 1 लाख से ज्यादा मरणासन्न केचुये को बचाकर वर्मी कंपोस्ट खाद तैयार किया। खाद की खरीदी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से 150 टन खाद डंप होकर रह गई है।

नगर निगम सीमा क्षेत्र में बनाये गये जोन स्तर के गोबर खरीदी केन्द्रों में शासकीय स्तर गोबर खरीदी बंद होने के बाद आजीविका के लिये संघर्ष कर रही महिलाओं ने अपने खुद के दम पर पशुपालकों से 2 रुपये किलो में गोबर खरीदी का काम जारी रखा है। हालांकि इन महिलाओं को 2 माह का लंबित लाभांश आज तक नहीं मिल पाया। प्रभावित महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री नेताम को  अपनी भावनाओं से अवगत कराते हुये 2 माह पूर्व ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान उन्हें लंबित लभांश का भुगतान जल्द करने, वर्मी कंपोस्ट खाद विक्रय को प्रोत्साहन देने का भरोसा दिलाया गया।

Women showed courage
खाद बनाती हुई महिलाएं 

दोना पत्तल बना रही महिलाएं 

नगर निगम जोन 8 ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने 10 मशीन दोना पत्तल बनाने प्रदान की है। समूह की महिलाओं को इसका प्रशिक्षण भी दिया गया। अब इन मशीनों से दोना पत्तल बनाकर महिलायें बाजार, दुकान सहित अन्य जगहों पर जन सामान्य को विक्रय कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

जरवाय में 46 सीमेंट टांका, 35 ग्रीन बेड में बना रहे वर्मी कंपोस्ट खाद

धनलक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह की अध्यक्ष धनेश्वरी रात्रे ने बताया, जरवाय के गोबर खरीदी केन्द्र में समूह की महिलाओं ने 46 सीमेंट का टांका 35 ग्रीन बेड और खाली खेत में 300 बेड में वर्मी कंपोस्ट खाद बनाने का काम जारी रखा है। सरकारी स्तर पर गोबर खरीदी अभी नहीं हो रही है, पर समूह की महिलाओं ने बड़े जतन से 1 लाख केचुये तैयार किये, उसे बचाने पशुपालकों से 2 रुपये किलो में गोबर खरीदी कर वर्मी कंपोस्ट खाद बना रहे हैं। बनाये गये खाद को आसपास के किसान, फार्म हाउस वाले खरीद कर ले जाते हैं। उम्मीद है, नई सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सरकारी स्तर वर्मी कंपोस्ट खाद विक्रय को प्रोत्साहित करेगी। वर्तमान में 150 टन वर्मी कंपोस्ट खाद का स्टाक विक्रय के लिये उपलब्ध है। 

5379487