Logo
देश आज से तीन नए आपराधिक कानून लागू होने पर आप नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि इन कानूनों से पुलिस की मनमानी बढ़ेगी। इसके साथ ही न्यायालयों पर बहुत बोझ बढ़ जाएगा।

New Criminal Laws: देश में आज से तीन नए आपराधिक कानून लागू हो गए है। इस पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। आप नेताओं का कहना है कि इससे पुलिस की मनमानी बढ़ेगी और इन कानून को इतनी जल्दी लागू नहीं करना चाहिए था, इसके दूरगामी परिणाम होंगे। 

दरअसल, दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने तीन नए आपराधिक कानूनों पर कहा कि उनका मानना है कि पुराने कानूनों में कोई कमी नहीं है। कमी है उन्हें लागू करने में, कमी है जांच एजेंसियों में। पुलिस उन कानूनों पर कार्रवाई नहीं करती। अगर उन पर ही कार्रवाई होनी शुरू हो जाए, उनमें कोई कमी नहीं है। अगर आपने नए कानून बनाए है, तो उन्हें भी देखते है। मुझे लगता है कि नए कानूनों के साथ आने वाले कई वर्षों तक बहुत भ्रम रहेगा। एक आम नागरिक जिसने बड़ी मुश्किल से कुछ कानूनों को समझा है। अब नए कानूनों के आ जाने से उसे अपना केस दर्ज कराने में परेशानी आएगी। मुझे लगता है कि इससे पुलिस की मनमानी को बढ़ावा मिलेगा। 

न्यायिक व्यवस्था और न्यायालयों पर बढ़ेगा बोझ 
वहीं आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि इन तीन कानूनों से हमारी न्यायिक व्यवस्था और न्यायालयों पर बहुत बोझ बढ़ जाएगा क्योंकि आज से हमारे यहां दो आपराधिक कानून होंगे। बीजेपी ने बिना किसी चर्चा के 140 से ज्यादा सांसदों को निलंबित करने के बाद जो कानून लेकर आई है वो हमें वापस पूर्व औपनिवेशिक काल में ले जाएंगे। इन कानूनों को बिना चर्चा के लाना क्यों जरूरी था।इसका पता नहीं है। धीरे-धीरे जब ये कानून न्यायालय पहुंचेंगे तब यह वापस लिए जाएंगे। 

कानूनों को लागू करने से पहले करना चाहिए था रिव्यू 
वहीं आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने कहा है कि तीन कानूनों को लागू करने से पहले इसका एक रिव्यू होना चाहिए। कानून को इतने आनन-फानन में लागू नहीं करना चाहिए। इसके बड़े दूरगामी परिणाम है।" 

 

 

5379487