Logo
दिल्ली पुलिस ने लूट और बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज पाए गए हैं।

Delhi: सिविल लाइन क्षेत्र में लूट व बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम उमेश खारी बताया गया है। इसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज पाए गए हैं।

सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की मदद से किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ और सिविल लाइंस थाने की संयुक्त टीम ने आरोपी को सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद गिरफ्तार किया है। यह घटना गत वर्ष 17 दिसंबर को मजनूं का टीला इलाके में सामने आई थी। एक बुजुर्ग महिला को घायल करके लूटपाट की गई थी। महिला अपने बेटे की कुछ बीमारियों का इलाज कराने के लिए दिल्ली आई थी।

आरोपी बाइक पर सवार था और शिकायतकर्ता की मां कुनसांग चाकी ई-रिक्शा में यात्रा कर रही थी। उसी दौरान आरोपी ने उनके हाथ से बैग छीन लिया था। इस घटना में महिला ई-रिक्शा से नीचे गिर गई थी। उनके सिर में चोट लगी थी। उपचार के दौरान 21 दिसंबर को उसकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद केस में धारा 302 जोड़ी गई थी।

आरोपी पर दर्ज कई लूट के मामले

पुलिस ने जांच के दौरान मोटरसाइकिल के नंबर की पहचान कर उसके मालिकों का डेटा हासिल किया। बाइक का मालिक दिल्ली में दर्ज कई लूट के मामलों में शामिल पाया गया। उसके साथी की पहचान उमेश खारी के रूप में हुई। वह अपने घर से फरार मिला। जब उमेश खारी का आपराधिक इतिहास खंगाला गया, तो वह भी दिल्ली और यूपी के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्ज लूट और स्नैचिंग के कई मामलों में शामिल पाया गया।

लिव-इन में रह रहा था आरोपी

आरोपी के बारे में पता चला कि वह लोनी के एक मामले में आत्मसमर्पण कर चुका है। उसे दिल्ली लाकर पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। उमेश खारी लोनी का रहने वाला है। वह पांच लड़कियों का पिता है। इसने 2003-04 से स्नैचिंग करना शुरू किया था और बहुत कम मौकों पर पकड़ा गया है। उसे नई और महंगी मोटरसाइकिलों का भी शौक है। इसकी एक गर्लफ्रेंड भी है जिसके साथ वह लिव-इन में रह रहा था।

CH Govt hbm ad
5379487