Logo
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली के लोकनायक अस्पताल पहुंचकर आप की जल मंत्री आतिशी से मुलाकात की। आतिशी की हालत अभी स्थिर है। डॉक्टरों ने उन्हें फल खाने की सलाह दी है।

Atishi Health Update: समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी से मिलने लोकनायक अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने आतिशी का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

दरअसल, जल मंत्री आतिशी को 25 जून की रात दिल्ली के लोकनायक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। वह दिल्ली में जल संकट को लेकर 'अनिश्चितकालीन धरने' पर बैठी थीं। जहां भूख हड़ताल के पांचवें दिन उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, उनके अनशन पर विराम लग गया है। आम आदमी पार्टी के तमाम नेता आतिशी से मिलने जा रहे हैं। वहीं सपा मुखिया अखिलेश भी आतिशी से मिलने पहुंचे। 

अब कैसी है आतिशी की हालत 
खबरों की मानें, तो आम आदमी पार्टी की मंत्री आतिशी की हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उन्हें फल खाने की सलाह दी है। अभी उनके कुछ और ब्लड टेस्ट किए जाएंगे। डॉक्टरों का कहना है कि अब खतरे की कोई बात नहीं है, लेकिन ब्लड शुगर बहुत कम है, जो गिरकर 36 तक आ गया है। यह बहुत ही गंभीर हाइपोग्लाइसीमिया के लक्षण हैं। उनका सोडियम लेवल भी काफी कम हो गया था। उनका सोडियम 127 था। जब शुगर लेवल बहुत कम हो जाता है, तो उसका असर ब्रेन पर होता है और मरीज हाइपो ग्लाइसीमिया में चला जाता है। फिलहाल, आतिशी डॉक्टरों की निगरानी में है। 

21 जून को आतिशी ने शुरू किया था 'पानी सत्याग्रह'

बता दें कि आप नेता आतिशी हरियाणा सरकार से दिल्ली को पानी देने की मांग कर रही है। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा था अगर दिल्लीवालों को 21 जून तक उनके हक का पानी नहीं मिला तो वह 'पानी सत्याग्रह' करेंगी। ऐसे में आतिशी ने अपनी भूख हड़ताल शुरू की और 25 जून को उनका शुगर लेवल अचानक गिर गया। जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। 

5379487