Logo
नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस थाने में बैरक फ्लोर पर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर ने अपने कमरे में सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

Delhi Police ASI Shoots Himself: नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस थाने से एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। सिविल लाइंस थाने में बैरक फ्लोर पर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) ने अपने कमरे में सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान एएसआई विजय के रूप में हुई है। वह हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे। पुलिस सुसाइड करने के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

एएसआई ने खुद को मारी गोली

डीसीपी नॉर्थ के मुताबिक, आज मंगलवार तड़के-तड़के 3:15 बजे सूचना मिली कि एएसआई विजय ने पीएस सिविल लाइंस बैरक फ्लोर में अपने कमरे में सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। वह मूल रूप हिमाचल के रहने वाले थे और साल 1994 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना एएसआई विजय के परिजनों को दे दी गई है। क्राइम टीम और एफएसएल रोहिणी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। वहां कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उसके कुछ घरेलू मुद्दे थे। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है।

पुलिसकर्मियों के आत्महत्या के मामलों में बढ़ोतरी

देश की राजधानी में तैनात पुलिसकर्मी अधिकतर तनाव के बाद ऐसा कदम उठा लेते हैं। ज्यादातर पुलिस स्टेशनों पर स्टाफ की कमी है जिसके कारण पुलिसकर्मियों को 12-12 घंटे तक ड्यूटी करनी पड़ती है। कई पुलिसकर्मियों को पिकेट के साथ-साथ बीट की भी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलता। वहीं, पुलिसकर्मियों के लिए सरकार की तरफ से कुछ सकारात्मक अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

5379487