Logo
शहर में रहने वाले लोग अक्सर गांव के माहौल और वहां के देसी खाने को मिस करते हैं। अगर आप भी इनमें शामिल हैं, तो आपको ऐसे रेस्टोरेंट्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां एंट्री करते ही गांव जैसी फिलिंग आएगी। तो देर किस बात की, पढ़िये यह रिपोर्ट...

दिल्ली-एनसीआर की भागदौड़ भरी जिंदगी ने हमें अपने गांवों से पूरी तरह काट दिया है। हम इस शहरी जीवन में इतना बिजी हो गए हैं कि खास मौकों पर भी अपने गांव जाने का समय नहीं निकाल पाते हैं। विशेषकर अपनों का साथ और गांव का खाना-पीना हर कोई मिस करता है। अगर आप भी दिल्ली-एनसीआर में रहकर अपने गांव को मिस करते हैं, तो यह खबर आपके लिए लिखी गई है। आज इस खबर में आपको दिल्ली-एनसीआर के ऐसे रेस्टोरेंट के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां एंट्री करते ही आपको ऐसा लगेगा कि आप अपने गांव पहुंच गए हैं। यहां आपको न केवल सादगी भरा वातावरण पसंद आएगा बल्कि यहां के व्यंजनों का स्वाद भी हमेशा के लिए याद रह जाएगा। तो देर किस बात, चलिये बताते हैं कि दिल्ली-एनसीआर में गांव की थीम वाले बेस्ट रेस्टोरेंट्स के बारे में...

देसी विलेज रेस्टोरेंट (Desi Villagio Restaurant Delhi)
Desi Villagio Restaurant Delhi
दिल्ली का देसी विलेज रेस्टोरेंट।

दिल्ली के कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल पर एन 95 की दूसरी मंजिल पर स्थित देसी विलेजियो रेस्टोरेंट दिल्ली के दिल में बसा है। यहां का सादगी भरा वातावरण आपको गांव की याद दिला देगा। यहां देहाती फर्नीचर और कलाकृतियों को देखकर आप पुरानी यादों में खो जाएंगे। जब आपका किया ऑर्डर आपकी टेबल पर आएगा तो आप इन यादों से निकल जाएंगे, लेकिन व्यंजन का स्वाद लेते ही फिर से गांव की गलियों में लौट जाएंगे क्योंकि यहां आपको व्यंजनों का असली यानी देसी स्वाद मिलेगा।

भरवा गोल गप्पे, अचारी पनीर टिक्का, गुलाब जामुन, रबड़ी आपके भोजन अनुभव में और भी चार चांद लगा देंगे। इसके अलावा मॉकटेल की भी सुविधा है। अगर आप इस देसी विलेज रेस्टोरेंट में जाना चाहते हैं, तो यह दोपहर 12 बजे से रात 11:30 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 1500 रुपये के आसपास है।

गांव रेस्टोरेंट (Gaon Restaurant)
Gaon Restaurant
गांव रेस्टोरेंट भी देता है ग्रामीण माहौल और देसी खाने का अनुभव।

नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित गांव रेस्टोरेंट भी आपको गांव की यात्रा पर ले जाएगा। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज वन में भी 'गांव' नाम से रेस्टोरेंट है। दोनों जगह आप उत्तर भारतीय व्यंजनों के अलावा बिहारी, राजस्थानी, अवधी व्यंजनों का स्वाद चख सकते हैं।

यहां की दीवारों पर उकरी ग्रामीण परिवेश की झलकियां आपको गांव की याद दिला देंगे। यहां भी वेज और नॉनवेज व्यंजनों की तमाम विकल्प उपलब्ध हैं। अगर आप भी अपनी फैमिली को शहर में ही गांव की यात्रा पर ले जाना चाहते हैं, तो एक बार इस रेस्टोरेंट्स की विजिट बनती है। यह रेस्टोरेंट्स भी दोपहर 12 बजे से रात 11:30 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 1000 के आसपास है।

विलेज कैफे (Village Cafe Delhi)
Village Cafe Delhi
चंदन नगर का विलेज कैफे भी अपने देसी लुक के लिए खासा प्रसिद्ध।

गांव की थीम वाले रेस्टोरेंट्स की सूची में दिल्ली के चंदन नगर का विलेज कैफे भी शामिल है। यहां आकर आप देसी माहौल में देसी खाने के देसी तड़के का आनंद ले सकते हैं। यहां का खाना जितना देसी है, उतना परोसने का अंदाज भी देसी है। इस कैफे का मेन्यू भी काबिले तारीफ है। यहां घांस फूस और लकड़ी की छत, रस्सियों से लटकते रंग बिरंगे बल्ब, देसी पंखे और हुक्के समेत कई सामान हैं, जो गांव में होने का अहसास दिलाते हैं।

अगर आप भी शहर की भागदौड़ को कुछ पल के लिए पीछे छोड़ना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बेहतर साबित हो सकती है। यह विलेज कैफे सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 1000 के आसपास है।

अपना देसी ठाट (Apna Desi Thaat Restaurant Gurugram)
Apna Desi Thaat Restaurant gurugram
गुरुग्राम के अपना देसी ठाट रेस्टोरेंट में आप भी कर सकते हैं देसी ठाट।

गुरुग्राम के सेक्टर-49 में घसौला फाजिलपुर चौक पर स्थित अपना देसी ठाट भी देसी गांव की लुक देता है। यहां भी उत्तर भारतीय, चाइनीज, मुगलई, स्ट्रीट फूड, बिरयानी समेत कई व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा यहां के पेय को ऑर्डर करना न भूलें। यह रेस्टोरेंट सुबह 8:30 बजे से सुबह 2:00 बजे तक खुला रहता है। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 800 रुपये के आसपास है।

देसी ठाट (Desi Thaat Restaurant Delhi)
Desi Thaat Restaurant Delhi
दिल्ली का देसी ठाट रेस्टोरेंट भी आपको गांव की यात्रा पर ले जाने में सक्षम।

दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में देसी ठाठ नाम से रेस्टोरेंट हैं, जो कि गांव की थीम पर बनाया गया है। यहां भी आप उत्तर भारतीय, चाइनीज, फास्ट फूड और नॉन वेज का मजा ले सकते हैं। यहां की तंदूरी चिकन, अफगानी चिकन तंदूरी, चिकन टिक्का, चिकन मलाई कोफता सबसे ज्यादा डिमांड में रहती हैं। इसके अलावा पनीर टिक्का, पनीर मलाई टिक्का, वेज सिक कबाब भी ट्राई कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली के आसमान में घूमता रेस्टोरेंट, कहीं पानी पर तैरता कैफे; यहां स्वादिष्ट खाने के साथ मिलेगा भरपूर रोमांच

देसी ठाट रेस्टोरेंट ने मेन्यू में अलग से कैटगिरी रखी है, जिसका नाम देसी थाट देसी खाना है। इसमें मटन पाया खरोड़े, मटन राइस, देसी चिकन, चिकन विद राइस आदि विकल्प उपलब्ध हैं। वहीं वेज के शौकीनों को भी यहां की दाल तड़का, पनीर की डिशेज भी बेहद पसंद आएंगी। यह रेस्टोरेंट सुबह 8:30 बजे से सुबह 2:00 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 800 रुपये के आसपास है।

ताऊ कैफे एंड लस्सी बार (Tau Cafe and Lassi Bar Gurugram)
Tau Cafe and Lassi Bar
गुरुग्राम के पालम विहार स्थित ताऊ कैफे एंड लस्सी बार भी गांव की याद दिलाता है।

गुरुग्राम के पालम विहार स्थित अंसल प्लाजा मॉल में ताऊ कैफे एंड लस्सी बार है। यहां की सजावट भी ग्रामीण घरों की तरह है। यहां आप उत्तर भारतीय व्यंजनों के साथ ही फास्ट फूड, रोल्स, चाइनीज, स्ट्रीट फूड, बिरयानी और मुगलई समेत कई व्यंजनों का स्वाद चख सकते हैं। यह ताऊ कैफे सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक खुला रहता है। पालम विहार के लोग देसी खाने का मजा लेने के लिए इसी कैफे में पहुंचते हैं। अगर आपको भी कभी पालम विहार जाने का मौका मिले तो यहां के खाने को अवश्य ट्राई करना चाहिए। 

5379487