Logo
Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने आज येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Delhi Weather Update: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर का कहर जारी है। सुबह के समय घना कोहरा तो दिनभर सर्द हवाएं लोगों को सता रही हैं। बीते दिन राजधानी में दोपहर के समय थोड़ी धूप खिलने से मामूली राहत मिली थी। वहीं, मौसम विभाग ने आज राष्ट्रीय राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग में सुबह 5:30 बजे 500 मीटर की दृश्यता थी। सुबह 6:30 बजे IGI एयरपोर्ट पर 1,000 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई।

कितना रहेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले दिन अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़कर 6.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।

उड़ानों और ट्रेनों पर कोहरे का प्रभाव

दिल्ली में सुबह आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने के चलते कई उड़ानों में देरी हुई। इस असुविधा के लिए एयलाइंस की तरफ से एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है। वहीं, कोहरे का असर ट्रेनों पर भी पड़ता हुआ नजर आ रहा है। देशभर से दिल्ली आने वाली तकरीबन 28 ट्रेने अपने निर्धारित समय से नहीं चल रही हैं। लेट होने वाली ट्रेनों में हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, जम्मू तवी-नई दिल्ली एक्सप्रेस, सहरसा-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस, भागलपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस समेत 28 ट्रेनें शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आज, इन रास्तों पर जाने से बचें, ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट

प्रदूषण से राहत की उम्मीद कम

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, प्रदूषण के स्तर में सुधार नहीं देखा जा सकता है। दिल्ली में 25 जगहों पर प्रदूषण का स्तर बेहद खराब और तीन जगहों पर खराब रहा। सोमवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 333 दर्ज किया गया। पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 25 जनवरी तक प्रदूषण का स्तर बेहद खराब रहेगा। इसके बाद भी अगले छह दिनों तक स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखाई देगा।

5379487