Logo
Delhi Weather Today: दिल्ली में इन दिनों ठंड का अटैक जारी है। मौसम विभाग ने आज के लिए अलर्ट भी जारी कर दिया है। राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Delhi Weather Today: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने दिल्ली के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। IMD ने अनुमान जताया है कि दिल्लीवासियों को फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नही हैं। आज भी राजधानी में शीतलहर जारी है और लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5 डिग्री के सेल्सियस के आसपास रहने की आशंका जताई है।

फ्लाइट्स हो रहीं प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में कोहरे के कारण फ्लाइट्स में भी देरी हो रही है। लेट होने वाली उड़ानों में दो तिहाई से ज्यादा संख्या घरेलू फ्लाइट्स की रही, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में आगमन की 31 व प्रस्थान की 32 उड़ानें लेट हुईं। वहीं, अगर बात करें घरेलू उड़ानों की तो प्रस्थान की 131 व आगमन की 108 उड़ानें लेट हुईं। 15 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा लंदन और पेरिस से दिल्ली आ रहा दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा था।

कर्तव्य पथ पर रिहर्सल जारी

देश की राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर 75वें गणतंत्र दिवस परेड के लिए ड्रेस रिहर्सल में सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने ढोल की थाप पर मार्च किया। पहली बार, कर्तव्य पथ पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सभी महिला मार्चिंग और ब्रास बैंड टुकड़ियां इस साल के गणतंत्र दिवस में भाग लेंगी। दिल्ली पुलिस गणतंत्र दिवस परेड रिहर्सल के कारण मध्य दिल्ली में इंडिया गेट के पास यातायात प्रतिबंधों पर कई सलाह जारी कर रही है।

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर

केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार यानी आज दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 317 दर्ज किया गया। यह बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, एनसीआर के फरीदाबाद में 318, ग्रेटर नोएडा में 297 गुरुग्राम में 217, गाजियाबाद में 249 और नोएडा में एक्यूआई 266 दर्ज किया गया है। इसके अलावा दिल्ली के शादीपुर में 331, सिरी फोर्ट में 342, पटपड़गंज में 340, मंदिर मार्ग में 328, आरके पुरम में 348, पंजाबी बाग में 344, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 327, नेहरू नगर में 374, द्वारका सेक्टर 8 में 329, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 335 और सोनिया विहार में एक्यूआई 321 दर्ज किया गया।

5379487