Delhi News: दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिसके कारण दिल्ली में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। इसको लेकर आए दिन राजनीति होती रहती है। आम आदमी पार्टी भाजपा पर लगातार आरोप लगाती आई है कि भाजपा दिल्ली के क्राइम को खत्म कर पाने में नाकाम है। वहीं अब कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता भाजपा सरकार पर क्राइम रेट को लेकर हमलावर नजर आए। देवेंद्र यादव ने राजधानी में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा की डबल इंजन सरकार पर सवाल उठाया है।
देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
देवेंद्र यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा 'दिल्ली में बलात्कार, हत्या और अन्य बड़े अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। भाजपा सरकार दिल्ली में बढ़ते अपराधों पर नकेल कसने में पूरी तरह से विफल है। ये लोग बिना कोई ठोस कदम उठाए बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। आज दिल्ली में ऐसे हालात बन गए हैं कि लोग दिन में भी घरों से निकलने में डरते हैं।'
ये भी पढ़ें: आप ने किया बीजेपी पर वार: अनिल झा ने दिल्ली के बच्चों का हक मारने का लगाया आरोप, बोले 'ये ठीक नहीं'
'दो महीनों में भी नहीं बदले दिल्ली के हालात'
देवेंद्र यादव ने कहा कि 'दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में बढ़ते अपराधों पर काबू पाने के लिए बैठक बुलाई थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। हालांकि बैठक को लगभग दो महीने हो गए हैं, फिर भी हालातों में सुधार नहीं हुआ है।'
'प्रदूषण ही नहीं अपराध में भी नंबर वन दिल्ली'
उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल प्रदूषण के मामले में नहीं बल्कि अपराध के मामले में भी सबसे ऊपर है। उन्होंने चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ 144 फीसदी क्राइम रेट है। वहीं राष्ट्रीय औसत 66.4 फीसदी है। दिल्ली में बच्चों कि खिलाफ अपराध के मामले 134 फीसदी हैं। राष्ट्रीय औसत में ये आंकड़ा 7.5 फीसदी से कहीं अधिक है।
'दिल्ली में ये अपराध हो गए आम'
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते अपराध के कारण लोगों का हाल-बेहाल है। दिल्ली में झपटमारी, डकैती, महिलाओं और नाबालिगों का यौन शोषण, जानलेवा हमले आम बात हो गई है। ऐसे में अगर दिल्ली सरकार ने बढ़ते अपराधों पर नकेल कसने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो वो जनता के साथ बड़ा विश्वासघात होगा। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को झूठे वादों से बहकाना बंद करें। अब समय आ गया है कि सरकार कोई सार्थक कदम उठाए।
केजरीवाल सरकार पर बोला हमला
उन्होंने पूर्व केजरीवाल सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली भ्रष्ट केजरीवाल सरकार ने 11 साल तक केवल वादे किए और भ्रष्टाचार बढ़ाया। इसके कारण जनता को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। हम उम्मीद करते हैं कि भाजपा सरकार दिल्ली में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण करने के लिए जल्द कोई ठोस कदम उठाएगी।
ये भी पढ़ें: Delhi Metro New Corridor: दिल्ली के इन हिस्सों में दौड़ेगी भारत की पहली 3 कोच वाली मेट्रो, देखें रूट