Logo
दिल्ली सरकार ने प्रदूषण से निपटने के लिए कनॉट प्लेस में स्मॉग टावर लगाया था, जो अब बंद कर दिया गया है। इसे संचालित कर रहे कर्मचारियों ने सरकार पर सैलरी नहीं देने का आरोप लगाया है।

Delhi Smog Tower: राजधानी में प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके चलते दिल्ली में साल 2021 में 2 स्मॉग टावर लगाए गए थे। इनमें एक टावर कनॉट प्लेस, और दूसरा आनंद विहार में लगाया गया था। इन स्मॉग टावर को दिल्ली पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी ने लगाए थे, दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित स्मॉग टावर को बंद कर दिया गया है। इसका कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलना बताया गया। वेतन में देरी के कारण इसके संचालन के लिए जिम्मेदार कर्मियों द्वारा ही इसे बंद कर दिया गया है।

कर्मचारियों ने लगाया ताला

दिल्ली सरकार ने कनॉट प्लेस में इस टावर को लगाने के लिए 23 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, लेकिन अभी तक दिसंबर 2023 की सैलरी नहीं आने पर कर्मचारियों ने इसे फिर बंद दिया है। इसके अलावा कर्मचारियों का कहना है कि दिल्ली सरकार की ओर से नौकरी की कोई लिखित गारंटी भी नहीं मिली है। जिसके चलते उन्हें ये कदम उठाना पड़ा है। कर्मचारियों ने इस स्मॉग टावर को बंद कर दिया है और अब इसने काम करना बंद कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुआ था चालू

बता दें कि कनॉट प्लेस में मौजूद इस स्मॉग टावर को इससे पहले भी बंद कर दिया गया था। इस दौरान भी कर्मचारियों ने सैलरी के चलते अप्रैल 2023 में टावर का संचालन बंद कर दिया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार ने इसकी मरम्मत करवा कर इसे फिर से नवंबर में चालू किया।

सारी शक्तियां अधिकारियों को दे दीं- सौरभ भारद्वाज

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज सारी शक्तियां कुछ अधिकारियों को दे दी गई हैं और अब वे अपनी मनमर्जी से काम कर रहे हैं। पहले उन्होंने स्मॉग टावर बंद कर दिया, लेकिन जब कोर्ट ने उन्हें डांटा तो स्मॉग टावर चालू कर दिया गया। अब मुझे नहीं पता कि किन परिस्थितियों में इसे बंद किया गया है। अधिकारी मंत्रियों के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। मुझे लगता है कि यह कुप्रबंधन केंद्र सरकार द्वारा जानबूझकर फैलाया जा रहा है।

5379487