Delhi Crime News: दिल्ली कैंट के किवरी पैलेस में एक सिरफिरे आशिक ने बीच सड़क पर महिला पर सब्जी काटने वाले चाकू से महिला पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद खुद को भी चाकू मारे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों का इलाज जारी है और डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से खून से सना चाकू और अन्य सबूत इकट्ठे किए। वहीं पुलिस दोनों के घरवालों के बयान दर्ज कर रही है।
फुटपाथ पर खून से लथपथ पड़े रहे
बता दें कि दिल्ली कैंट पुलिस को रात लगभग 11 बजे पीसीआर कॉल मिली। एक राहगीर ने पुलिस को फोन करके बताया कि एक युवती और एक युवक खून से लथपथ फुटपाथ पर पड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो दोनों के शरीर से खून फुटपाथ पर बह रहा था। राहगीर ने महिला के कटे गले पर कपड़ा बांध रखा था, ताकि खून ज्यादा न बहे। लड़की का काले रंग का बैग भी खून से सना हुआ था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। उनके पास से मिले फोन की मदद से उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर 62 से ममूरा तक मिलेगी जाम से राहत: बनेगा मोबिलिटी कॉरिडोर, 6 महीने में पूरा करना होगा काम
मूकदर्शक बने रहे लोग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये घटना प्रेम-प्रसंग से जुड़ी हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़िता के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। हमले के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ये सिरफिरा इंसान चीखता-चिल्लाता महिला की तरफ बढ़ा और उस पर चाकू से हमले कर दिए। इसके बाद उसने लड़की का गला काट दिया। लड़की का गला कटते ही खून की धार बहने लगी और वो सड़क पर गिर गई। इसके बाद युवक ने अपने सीने और शरीर के कई अंगों पर चाकू घोंपकर खुद को जान से मारने की कोशिश की। दोनों सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़े रहे। वहीं वारदात से सहमे खड़े आसपास के लोग मूकदर्शक बने रहे।
प्रेम में धोखा मिलने पर उठाया कदम
कहा जा रहा है कि प्रेम में धोखा मिलने के कारण युवक ने ये खौफनाक कदम उठाया है। पुलिस ने वारदात से चाकू बरामद कर लिया है। वहीं आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Wazirabad Police Storehouse Fire: वजीराबाद के मालखाने में लगी आग, 150 से ज्यादा वाहन जलकर खाक