Logo
नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में लगातार क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा है। शालीमार बाग में बीते दिनों ही घर के अंदर मां और बेटे की लाश मिली थी। इसके बाद बीती रात ताबड़तोड़ फायरिंग में चार लोग घायल हो गए।

Delhi Crime News: नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में आधी रात ताबड़तोड़ फायरिंग होने की सूचना मिली। इस फायरिंग में चार लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, शालीमार गांव की झुग्गियों में देर रात फायरिंग हुई थी। इस गोलीबारी में चार लोग जख्मी हुए हैं, जिनमें एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। इलाके में गोलीबारी होने से सनसनी फैल गई। फायरिंग की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस फायरिंग में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शालीमार बाग में ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के अनुसार, गोली चलाने वाला शख्स नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के ही जहांगीरपुरी इलाके का ही रहने वाला है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत हमले में घायल लोगों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आगे की कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।

शालीमार बाग में घर के अंदर मिली मां और बेटे की लाश

शालीमार बाग इलाके में घर के अंदर मां बेटे की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है। पीएम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होगा। मृतकों की पहचान संतोष (73) व किशन (42) के तौर पर हुई।

पुलिस के अनुसार, बी एच ब्लॉक शालीमार बाग में बुजुर्ग संतोष बेटे के साथ घर की पहली मंजिल पर रहती थी। घर के भूतल पर दो दुकानें हैं। दोनों किराए पर चढ़ी हुई हैं, जिससे घर का खर्च चलता था। संतोष की बेटी निहाल विहार में रहती है, जबकि दूसरा बेटा जापान में है।

पुलिस को शुरुआती जांच पड़ताल में पता चला संतोष का बेटा किशन शराब का आदि था। बुजुर्ग संतोष के घर एक महिला अक्सर उनसे मिलने के लिए आती रहती थी। बुधवार रात जब वह इनके घर आई तो अंदर झांकने पर किशन को जमीन पर अचेत हालत में पड़े देखा। वहीं, शराब की बोतल भी पड़ी थी, जबकि उनकी मां कुर्सी पर अचेत मिली। दोनों को इस हालत में देख उसने घर से बाहर निकल आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव बुजुर्ग की बेटी के हवाले कर दिए।

5379487