Logo
Delhi Elections:आने वाले चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली के नेता पदयात्रा कर रहे हैं और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं भी सुन रहे हैं।

Delhi Elections: दिल्ली में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर सभी पार्टियां जोरों-शोरों से तैयारी में लग गई हैं। आम आदमी पार्टी भी 70 सीटों पर जीत का परचम लहराने की उम्मीद में सड़कों पर उतर आई है। पार्टी लोगों में अपनी पकड़ बनाने के लिए अलग-अलग विधानसभाओं में पदयात्रा निकाल रही है।  सोमवार को दिल्ली के कई नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में निकाली गई पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान जनता में केजरीवाल का एक पत्र भी बांटा गया जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को दिल्ली की सभी 70 सीटों पर जीत दिलाने का आग्रह किया गया है। 

भाजपा पर बरसे संजय सिंह

बता दें कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली की लक्ष्मीनगर विधानसभा इलाके में पदयात्रा निकाली, जहां लोगों ने उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। उन्होंने लोगों में केजरीवाल की चिट्ठी भी बांटी, जिसमें जनता से आग्रह किया गया कि वो आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को सभी 70 सीटों पर विजय दिलाएं। इतना ही नहीं उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर गलती से भी दिल्ली में भाजपा जीत जाती है, तो फ्री की सारी सुविधाएं बंद कर देगी। 

तीसरी बार जीत की उम्मीद

आम आदमी पार्टी दिल्ली में दो बार अपनी सरकार बना चुकी है। पहले साल 2015 में पार्टी ने 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं साल 2020 में पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत का परचम लहराया था। अब तीसरी बार आम आदमी पार्टी जीत की उम्मीद कर रही है। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर मंत्री तक जनता के बीच जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि माता वैष्णो देवी से वापस आकर अरविंद केजरीवाल भी पदयात्रा में शामिल होंगे। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी यात्रा का कार्यक्रम तय किया जाएगा। 

इन नेताओं ने भी निकाली पदयात्रा

बता दें कि सोमवार को संजय सिंह ने लक्ष्मी नगर में पदयात्रा की। इसके अलावा दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली कैंट, इमरान हुसैन ने सीलमपुर और मुकेश अहलावत ने देवली विधानसभा में पदयात्रा निकाली। पार्टी का कहना है कि पदयात्रा ही लोगों तक पहुंचने का सबसे अच्छा माध्यम है। वे लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। 

ये भी पढ़ें: केजरीवाल ने भरी हुंकार: कहा- 'बीजेपी की सरकार आई, तो दिल्ली का सत्यानाश कर देगी'

5379487