Logo
Ex scientist wife Robbed: दिल्ली के रोहिणी इलाके में फर्जी कूरियर एजेंट बनकर चार लोगों ने पूर्व वैज्ञानिक और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर 2 करोड़ रुपए की लूट की।

Ex scientist wife Robbed:दिल्ली के रोहिणी इलाके में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना में एक पूर्व वैज्ञानिक और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर 2 करोड़ रुपए की लूट की गई। यह घटना प्रह्लाद विहार के एफ ब्लॉक में हुई, जहां चार संदिग्ध लोग कूरियर एजेंट बनकर घर में घुसे और दंपति को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। लूट की इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

फर्जी कोरियर एजेंट बनकर घुसे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। घटना की जानकारी तक मिली जब दंपति के बेटे को उनके माता-पिता ने कॉल कर घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है लुटेरे कूरियर एजेंट बनकर घर में घुसे और वहां मौजूद पूर्व वैज्ञानिक शिबू सिंह और उनकी पत्नी निर्मला को बंदूक दिखाकर हाथ पैर बांध दिए। इसके बाद लुटेरे घर में रखा कैश और ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए।

हमले में वैज्ञानिक को किया घायल
घर के अंदर घुसने पर वैज्ञानिक शिबू सिंह और उनकी पत्नी ने लूटेरों का विरोध किया। लेकिन लूटेरों ने शिबू सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लुटेरे नकदी और लगभग 2 करोड़ रुपए की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए। इस हमले में पूर्व वैज्ञानिक और उनकी पत्नी को चोटें आई हैं। दोनों बेहद डरे हुए हैं।

पुलिस ने की जांच शुरू
रोहिणी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अमित गोयल ने बताया कि संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है जिनका घर में आना-जाना था। पुलिस का मानना है कि इस घटना में किसी अंदरूनी व्यक्ति या जानकार की भूमिका हो सकती है।

अस्पताल में भर्ती दंपति की हालत स्थिर
इस घटना के बाद बुजुर्ग दंपति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच की गई। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने की कवायद शुरू हो गई है। दंपती के घर के आसापास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

NCR में बढ़ रहा अपराध
दिल्ली-एनसीआर में अपराध की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। हाल ही में गुरुग्राम, नोएडा और यूपी के कुछ हिस्सों में पुलिस बनकर लोगों को लूटने के मामले सामने आए हैं। इस तरह की घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती बन गई है।

5379487