Delhi Water Park Accident: दिल्ली के कापसहेड़ा में रोलर कोस्टर राइड से गिरकर एक लड़की की मौत हो गई। दरअसल, कापसहेड़ा में 'फन एंड फूड विलेज' आयोजित है। शनिवार (5 अप्रैल) को यहां एक बड़ा हादसा हो गया। रोलर कोस्टर राइड से गिरकर 24 साल की प्रियंका की मौत हो गई। कहा जा रहा है कि वो रोलर कोस्टर राइड पर अपना संतुलन खो बैठी और गिर गई, जिससे उसको गंभीर चोटें आईं। उसे नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने दी मामले की जानकारी
दिल्ली पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और पुलिस ने बीएनएस की धारा 289/106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ मामले में आगे की कार्रवाई जारी कर दी है। पुलिस ने बताया कि, प्रियंका अपने मंगेतर के साथ कापसहेड़ा में 'फन एंड फूड विलेज' में गई थी। यहां उन्होंने कई प्रकार के झूलों का आनंद लिया और इसके बाद रोलर कोस्टर राइड ली। जब रोलर कोस्टर ऊंचाई पर पहुंचा, तो प्रियंका अचानक से नीचे गिर गई। माना जा रहा है कि उसका बैलेंस बिगड़ गया था, जिसके कारण ये हादसा हुआ।
ये भी पढ़ें: बिजली-पानी संकट... आप और बीजेपी के बीच जुबानी जंग जारी, यूजर्स भी आमने-सामने
मंगेतर ने बताई आंखों-देखी
प्रियंका के मंगेतर ने बताया कि शनिवार शाम को वे दोनों रोलर कोस्टर में बैठे थे। इस दौरान प्रियंका अचानक से नीचे गिर गई। उसे गंभीर चोटें आईं, तो उसे नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस मामले में प्रियंका के माता-पिता ने वाटर पार्क प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रियंका के गिरने के बाद उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया। इसके कारण ही उसकी मौत हुई। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि प्रियंका की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए।
वॉटर पार्क मैनेजमेंट ने रोलर कोस्टर किया बंद
वहीं इस हादसे के बाद वॉटर पार्क मैनेजमेंट ने रोलर कोस्टर बंद कर दिया है। साथ ही पार्क के उस हिस्से को मरम्मत के लिए बंद कर दिया गया है। इसको लेकर प्रियंका के परिजनों का कहना है कि पार्क प्रशासन ने अपनी गलती छुपाने के लिए रोलर कोस्टर वाला इलाका बंद कर दिया है। बता दें कि प्रियंका एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स मैनेजर के तौर पर कार्यरत थी। उसके घर में उसके माता-पिता और भाई-बहन हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi News: साहिबी नदी के किनारे बनेगा सड़क कॉरिडोर, दिल्ली-हरियाणा के इन शहरों की कनेक्टिविटी में भी होगा सुधार