Delhi Lok Sabha Election Result: दिल्ली लोकसभा चुनाव में एक बार फिर बीजेपी ने सभी सात सीटों पर कब्जा किया। बीजेपी ने राजधानी दिल्ली में हैट्रिक मारी है। दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा, जिसमें 4 सीट पर आप और तीन सीट पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे थे, लेकिन इंडिया गठबंधन का गणित दिल्ली में फेल हो गया।

दिल्ली लोकसभा चुनावों में बीजेपी की हैट्रिक

दिल्ली में 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में दोनों बार बीजेपी ने सातों सीटों पर क्लीन स्वीप किया था। इस बार बीजेपी ने सभी सात सीटों पर जीत हासिल कर हैट्रिक मार दी है। दिल्ली में बीजेपी ने छह सीटों पर अपने सांसदों को टिकट नहीं दिया, सिर्फ उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद मनोज तिवारी को फिर से चुनाव मैदान में उतारा था।

दिल्ली में केजरीवाल के सभी दावे फेल

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान आप ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने 'जेल का जवाब वोट से' जैसे तमाम अभियान भी चलाए और खुद को दिल्ली का भी बेटा बताया, लेकिन दिल्ली की जनता में आप के सभी वादों और दावों को नकार दिया।

दिल्ली में सातों सीटों पर बीजेपी की जीत

नई दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी की बांसुरी स्वराज जीतीं।

बीजेपी ने मीनाक्षी लेखी की जगह बांसुरी स्वराज को टिकट दिया। वहीं, इंडिया गठबंधन की ओर से ये सीट आप के खाते में आई और आप ने यहां से सोमनाथ भारती को चुनाव मैदान में उतारा। इस सीट पर बीजेपी की बांसुरी स्वराज ने आप के सोमनाथ भारती को 75 हजार से अधिक वोटों से मात दी।

पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा जीते

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर बीजेपी ने हर्ष मल्होत्रा को टिकट दिया और आम आदमी पार्टी ने अपने विधायक कुलदीप कुमार को चुनाव मैदान में उतारा था। यहां से बीजेपी के हर्ष मल्होत्रा जीते हैं। उन्होंने कुलदीप कुमार को 85 हजार से अधिक वोटों से हराया है।

दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी जीते

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी को चुनाव मैदान में उतारा था। उनके खिलाफ आप ने सहीराम पहलवान को अपना उम्मीदवार बनाया था। बीजेपी के रामवीर सिंह बिधूड़ी आप के सहीराम पहलवान को 1,24,333 वोटों से हराया है।

पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत जीतीं

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर बीजेपी ने कमलजीत सहरावत को अपना टिकट दिया। इस सीट से आप ने महाबल मिश्रा को अपना उम्मीदवार बनाया था। कमलजीत सहरावत ने आप के प्रत्याशी को 1 लाख 90 हजार से अधिक वोटों से हराया है।

चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल जीते

चांदनी चौक लोकसभा सीट से बीजेपी ने अपने दो बार के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन का टिकट काट कर प्रवीण खंडेलवाल को प्रत्याशी बनाया। वहीं, यह सीट इंडिया गठबंधन के तरह कांग्रेस के खाते में आई और कांग्रेस ने यहां से पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल को मैदान में उतारा, लेकिन जयप्रकाश कांग्रेस को जीत दिलाने में असफल रहे और उन्हें बीजेपी प्रवीण खंडेलवाल ने 89,325 वोटों से हराया।

मनोज तिवारी ने कन्हैया को हराया

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने सांसद मनोज तिवारी पर फिर विश्वास जताया और उन्हें तीसरी बार टिकट दिया। मनोज तिवारी ने एक बार फिर पार्टी के विश्वास पर खरा उतरते हुए हैट्रिक मारी। मनोज तिवारी के खिलाफ कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को टिकट दिया था। मनोज तिवारी ने कन्हैया कुमार को 1 लाख 30 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया।

उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया

उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर बीजेपी ने योगेंद्र चंदोलिया को अपना प्रत्याशी बनाया और कांग्रेस पार्टी ने उदित राज को चुनाव मैदान में उतारा। इस सीट पर बीजेपी के योगेंद्र चंदोलिया ने 2 लाख 90 हजार से अधिक वोटों से कांग्रेस के उदित राज को हराया है।