Logo
दिल्ली और हरियाणा में आज से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने दिल्ली और हरियाणा में आने वाले कई दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

Delhi Haryana Weather Update: राजधानी दिल्ली में वीकेंड पर रविवार के दिन कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। दिल्ली बारिश होने से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन उमस ने परेशान करना बंद नहीं किया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और हरियाणा में आज से कई दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को गर्मी के साथ ही अब जल्द उमस से भी राहत मिल जाएगी।

प्रादेशिक मौसम विभाग केंद्र दिल्ली (IMD) के अनुसार, दिल्ली में रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच रिज एरिया में करीब 1.2 एमएम पानी बरसा, जबकि सुबह साढ़े आठ बजे से पहले के 24 घंटे में दिल्ली में करीब 7 एमएम पानी बरसा है।

दिल्ली का मौसम

आईएमडी ने मुताबिक, अगले चार पांच दिन दिल्ली वालों को हल्की बारिश देखने को मिलती रह सकती है। इसमें सोमवार व मंगलवार को अच्छी बारिश की संभावना के चलते आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि अगले कुछ दिनों के लिए ग्रीन अलर्ट दिया है। इस दौरान तापमान व उमस में कमी देखी जा सकती है। आईएमडी के अनुसार, मानसून की गति बेशक इन दिनों सुस्त पड़ गई है। लेकिन अभी सावन का पूरा महीना बचा है, जिसमें दिल्ली वालों को अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। जिससे लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलेगी।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी लोगों को गर्मी और उमस ने परेशान किया हुआ है, लेकिन अब जल्द इससे राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि प्रदेश में बारिश नहीं होने के कारण पारा 40 डिग्री को भी पार कर गया था।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, सिरसा का अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया। इसके अलावा हिसार का तापमान 39.4 डिग्री और रोहतक का 38.8 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान बढ़ने से लोगों को मानसून में भी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन आज से कई दिनों तक प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

5379487