Logo
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी और कुछ स्थानों पर बारिश होने की भी संभावना है। नए साल से पहले ही दिल्ली के तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। पढ़िये दिल्ली के आज के मौसम का हाल...

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप बढ़ने लगा है। आज शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा लोगों को सर्द हवा का भी सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे तक लोग सड़क किनारे आग सेंकते नजर आए। दस बजे के बाद धूप तो खिली, लेकिन बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में आज बारिश होने की संभावना है। 

राजधानी दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता 300 मीटर रही। इस कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। गुरुग्राम जाने वाले मार्ग पर वाहनों की कतारें देखी गईं। इसी प्रकार दिल्ली से एनसीआर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की लंबी लाइनें देखी गईं। शनिवार की छुट्टी के कारण सरकारी कार्यालयों में जाने वाले लोग घरों में दुबके रहे, वहीं घर से बाहर निकले लोगों को खासी सर्दी का सामना करना पड़ा।   

हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना

मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर संभावना जताई है कि दिल्ली एनसीआर के कई क्षेत्रों में आज बारिश हो सकती है। शनिवार को दिल्ली और एनसीआर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली में सुबह छह बजे से कोहरा छाना शुरू हो गया। सफदरजंग में सुबह विजिबिलिटी 300 मीटर थी।

पालम में सुबह साढ़े सात बजे न्यूनतम दृश्यता 350 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार नौ बजे के बाद कोहरा कम होना शुरू होगा। बता दें कि शुक्रवार सुबह 11.30 बजे सफदरजंग में विजिबिलिटी फिर 800 मीटर हो गई थी। आसमान में बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना। इसके साथ ही रविवार को भी राजधानी क्षेत्र में ठंड और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में प्रदूषण में बढ़ोतरी

दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों प्रदूषण में सुधार होने लगा था। मगर आज फिर से दिल्ली एयर क्वालिटी इंडेक्स में बढ़ोतरी हुई है। जहां दो दिन पहले तक दिल्ली का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में पहुंच गया था। वहीं, अब यह स्तर आज फिर से खतरनाक श्रेणी में दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में शनिवार की सुबह एक्यूआई 529 पहुंच गया है। यह बेहद खतरनाक श्रेणी में आंका जाता है।

5379487