Delhi Crime: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने एक कुख्यात अपराधी शेर खान उर्फ शेरू को एक हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक अवैध देशी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए हैं। शेरू 17 दिसंबर 2024 को नरेला इलाके में हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना में भी वांछित था। शेरू नरेला का रहने वाला है। इसने अपने भाई सोहेल के साथ मिलकर नरेला में गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया था।
शेर खान का भाई पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। शेरू के परिवार की जावेद परिवार से रंजिश चल रही है। दोनों परिवारों में फिर से झगड़ा हुआ था और एक-दूसरे पर क्रॉस फायरिंग की गई थी। इस क्रॉसफायर में एक मासूम 10 वर्षीय बच्चे को गोली लग गई थी। मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई थी। वायरल वीडियो में शेर खान और उसके भाई को पिस्तौल से फायरिंग करते देखा गया था। शेर खान के भाई सोहेल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और वर्तमान शेर खान उर्फ शेरू के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया गया था।
बदमाश ने पुलिस पर चला दी गोली
आरोपी शेर खान हत्या, डकैती, पोक्सो, हत्या के प्रयास आदि सहित 25 से अधिक जघन्य मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने शेरू को रोहिणी इलाके के हेलीपैड, बरवाला गांव से पकड़ा। इसके पहले पुलिस पार्टी ने उसे रुकने का इशारा किया था, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दी। पुलिस टीम द्वारा चेतावनी के लिए एक फायर हवा में किया गया। लेकिन इसके बाद भी उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और पुलिस टीम पर दूसरा फायर करने की कोशिश में था, तभी आत्मरक्षा में पुलिस ने आरोपी की ओर एक राउंड फायर किया गया। आरोपी के दाहिने पैर में चोट आई है।
ये भी पढ़ें:- IFS Officer Suicide Case: चाणक्यपुरी में आईएफएस अधिकारी ने बिल्डिंग से कूदकर दी जान, विदेश मंत्रालय ने शोक व्यक्त किया