Logo
दिल्ली में आज गुरुवार को सुबह-सुबह बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने दिल्ली और हरियाणा में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Delhi Haryana Weather: मानसून के मौसम में भी राजधानी दिल्ली के लोगों को दिन के समय में गर्मी और उमस ने परेशान कर रखा है। आज गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई। ऐसे ही बुधवार यानी 24 जुलाई को सुबह-सुबह जमकर बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन फिर दिन में सूरज ने कड़े तेवर दिखाए और लोगों के पसीने छुड़ा दिए। हालांकि, सुबह और शाम को तापमान में गिरावट जरूर देखने को मिली। वहीं, हरियाणा में भी ऐसा ही हाल देखने को मिला है। हरियाणा में भी बुधवार को कई जिलों में बारिश देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में आज गुरुवार को सुबह-सुबह कई हिस्सों में बारिश हुई है। जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है और उमस से भी राहत है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। जिससे बुधवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री रहा। वहीं, आज गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में भी बुधवार को कई जिलों में बारिश हुई, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश में बारिश होने से लोगों को उमस से राहत भी मिली। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, आज गुरुवार को हरियाणा के कई जिलों में जमकर बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज गुरुवार को हरियाणा के कई हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर हरियाणा में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में हरियाणा के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

5379487