Logo
दिल्ली में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जाम को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

Delhi Rain: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बुधवार देर रात से आज गुरुवार को झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। भारी बारिश के चलते सड़कें लबालब हैं और दिल्ली के कई अंडरपास जलमग्न हो चुके हैं। जलभराव की वजह से राजधानी में वाहनों की रफ्तार थम गई है। लोगों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के कई इलाकों में जाम के बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करके जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी है।

इन इलाकों में हुआ जलभराव

दिल्ली में गुरुवार को सुबह-सुबह झमाझम बारिश हुई, जलभराव की स्थिति के चलते लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के धौला कुआं, चौधरी फतेह सिंह मार्ग, निगम बोध घाट, आजाद मार्ग, लाजपत नगर, वसंत कुंज, हौज खास, करोल बाग, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली और तुगलकाबाद समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। जिसके चलते लोगों भारी परेशान कर रहा है। लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

बारिश के चलते जलभराव से जाम की समस्या को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने जलभराव वाली सड़कों और अंडरपास से बचकर निकलने की सलाह दी है:

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जलभराव के चलते दिल्ली में कई रास्ते प्रभावित हैं। ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, जीजीआर फ्लाईओवर के नीचे एपीएस कॉलोनी के पास जलभराव और दो बसों के खराब होने के कारण, एनएसजी लाइट से वसंत विहार और धौला कुआं की ओर यातायात प्रभावित रहेगा। बदरपुर से महरौली की ओर जाने वाले एमबी रोड, वंदे मातरम मार्ग और एनएच 48 पर यातायात प्रभावित है।

इसके अलावा भेरा राउंड अबाउट से पीरागढ़ी की ओर जाने वाली आउटर रिंग रोड पर यातायात प्रभावित है। इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार जाम और अन्य रूटों की जानकारी अपडेट कर रही है।

5379487