Logo
यमुना नदी के पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से दो दिन बाद भी शोधन संयंत्र पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर पा रहा है। जिससे कई क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति पर असर पड़ रहा है।

Delhi Water Issue: यमुना नदी के पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से दो दिन बाद भी शोधन संयंत्र पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर पा रहा है। जिसकी वजह से वजीराबाद जल शोधन संयंत्र में 50 एमजीडी तक की कमी हुई है। जिससे कई क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। पानी में अमोनिया की मात्रा अधिक होने के चलते वजीराबाद जल शोधन संयंत्र से मिलने वाले इलाकों में जल की समस्या एक बार फिर बढ़ सकती है। इससे पहले दिल्ली में पानी की कमी के चलते जल संकट उत्पन्न हो गया था।

पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ी

इस बारे में डीजेबी के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को भी अमोनिया का स्तर पूरी तरह से संतुलित नहीं होने के कारण जल शोधन प्रभावित हुआ है। अधिकारी ने बताया कि यमुना में अमोनिया की वजह से वजीराबाद जल शोधन संयंत्र प्रभावित हुआ है। अधिकारी की मानें, तो वजीराबाद संयंत्र की क्षमता 131 एमजीडी जल शोधन की है, लेकिन यमुना में अमोनिया की वजह से संयंत्र केवल 83 एमजीडी ही जल शोधन कर पा रहा है।

वजीराबाद संयंत्र से पानी शोधन हुआ कम

ऐसे में वजीराबाद संयंत्र से करीब 50 एमजीडी कच्चा पानी कम शोधन हो रहा है। जिसकी वजह से वजीराबाद संयंत्र से आपूर्ति वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। अधिकारी ने दावा किया कि बावजूद इसके डीजेबी टैंकरों से प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति सुचारू बनाए हुए है।

अधिकारी का कहना है कि गुरुवार को यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ी थी, जो अभी कम नहीं हुई है। जैसे ही अमोनिया की मात्रा घटेगी संयंत्र अपनी पूरी क्षमता से कार्य करना शुरू कर देगा। बता दें कि दिल्ली में बीते दिनों में यमुना में पानी का स्तर कम होने के चलते जल संकट पैदा हो गया था। इसके लिए दिल्ली सरकार ने हरियाणा सरकार द्वारा पूरा पानी नहीं छोड़ने का आरोप लगाया था। ऐसे में अब यमुना में पानी का स्तर थोड़ा ठीक हुआ है तो अमोनिया की मात्रा बढ़ गई है।

jindal steel hbm ad
5379487