Logo
Ammonia In Yamuna: यमुना नदी के पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से शोधन संयंत्र पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर पा रहा है। जिससे कई क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति पर असर पड़ रहा है।

Ammonia In Yamuna: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर पेयजल का संकट पैदा हो सकता है। यमुना के पानी में अमोनिया का लेवल बढ़ा हुआ है। ऐसे में तीन-चार दिनों के बाद भी यमुना नदी में प्रदूषित अमोनिया की मात्रा कम नहीं हुई है। जिसके चलते दिल्ली जल बोर्ड के तीन संयंत्रों में जल शोधन का कार्य प्रभावित हो रहा है। जल शोधन का कार्य इसी तरह से प्रभावित रहा तो एक बार फिर दिल्ली में पेयजल का संकट उत्पन्न हो सकता है।

यमुना में बढ़ी अमोनिया की मात्रा

यमुना के पानी में अमोनिया का लेवल बढ़ने से दर्जनों क्षेत्रों में पीने के पानी की जलापूर्ति पर प्रभाव पड़ रहा है। इन इलाकों में लोगों को पीने के पानी के लिए बाहर बोतल बंद महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है। अमोनिया के चलते डीजेबी के वजीराबाद, हैदरपुर और बवाना संयंत्रों में शोधन प्रभावित हो रहा है।

जल शोधन हुआ प्रभावित

इस बारे में डीजेबी के समर एक्शन प्लान से जुड़े एक आला अधिकारी ने बताया कि यह सही है कि यमुना में अमोनिया की मात्रा बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद जल शोधन तय मात्रा से तीन एमजीडी अधिक हो रहा है, जबकि जिन तीन संयंत्रों से जलापूर्ति बाधित हो रही है, वहां निशुल्क टैंकरों द्वारा पानी पहुंचाया रहा है।

अधिकारी ने बताया कि जहां पहले अमोनिया के चलते चार संयंत्र बंद थे वहीं अब तीन बंद हैं। चंद्रावल संयंत्र चालू है और अपनी क्षमता 94 एमजीडी से अधिक 100 एमजीडी कच्चे जल का शोधन कर रहा है। इसी प्रकार अन्य संयंत्र भी अधिक शोधन कर रहे हैं जिससे ज्यादा परेशानी नहीं हो रही। अधिकारी ने बताया कि यमुना में अमोनिया की मात्रा पर पूरी नजर रखी जा रही है। कहीं भी जलापूर्ति से कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। वैसे भी इन दिनों बारिश के चलते जलापूर्ति की मांग पहले की तुलना में कमी दर्ज हो रही है।

5379487