Logo
दिल्ली जल बोर्ड द्वारा चलाए जा रहे यमुना जन जागरण अभियान को सफलता मिल रही है। यमुना स्वच्छता अभियान में दिल्लीवासी अब बढ़ चढ़कर उत्साह दिखा रहे हैं।

Delhi News: दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने दावा किया है कि लंबे समय से चलाए जा रहे यमुना स्वच्छता अभियान में दिल्लीवासी अब बढ़ चढ़कर उत्साह दिखा रहे हैं, जोकि यमुना जन जागरण अभियान की सफलता दर्शता है। बोर्ड का कहना है कि यमुना को स्वच्छ बनाने में यमुना जन जागरण अभियान में शामिल लोगों की संख्या बढ़कर 2 लाख, 48 हजार पहुंच गई है जो जनभागीदारी का नया कीर्तिमान है।

यमुना संरक्षण के लिए किया जा रहा जागरूक

जनवरी महीने में ही इस अभियान से 12 हजार से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। डीजेबी की मानें तो यमुना एक्शन प्लान- 3 के तहत पूर्वी दिल्ली, उत्तर- पूर्वी दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, नार्थ- वेस्ट दिल्ली, साउथ दिल्ली और साउथ वेस्ट जिलों में जागरूकता फैलाने के विशेष जागरूकता अभियान चलाए गए जो अभी भी जारी हैं, जिसमें अभियान के अंतर्गत डोर टू डोर प्रचार, नुक्कड़ नाटक, सामूहिक चर्चा, प्रशिक्षण, मोहल्ला मीटिंग, सेल्फ हेल्प ग्रुप और महिला सशक्तिकरण की प्रचार सामग्री का वितरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को यमुना संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है।

इस अभियान में डीजेबी का सहयोग तीन एनजीओ कर रही है। इनमें गंगा देवी शैक्षिक सोसाइटी, हरियाली सेंटर फॉर रूरल डेवलपमेंट, रूरल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी और सोशल नेटवर्क इंडिया शामिल हैं। अभियान के तहत लोगों को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर नदी किनारे रहने वाले समुदायों की आजीविका के साधनों को मजबूत किया जा रहा है।

डीजेबी के एक अधिकारी ने बताया कि यमुना एक्शन प्लान -3 में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार करने, सीवरेज सुविधाओं को उन्नत बनाने और लोगों को यमुना के प्रति जागरूक करने के लिए राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों में ऐसी अनधिकृत कॉलोनियों और गांवों को शामिल किया गया है, जहां लोगों को अब तक भी सीवरेज सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है।

यमुना सफाई अभियान में बढ़ रही जनभागीदारी

यमुना एक्शन प्लान -3 के अंतर्गत राजधानी दिल्ली के ईस्ट, नॉर्थ- ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ- वेस्ट, साउथ और साउथ- वेस्ट जिलों की पहचान टार्गेटेड डिस्ट्रिक्ट के तौर पर की गई है। इन टार्गेटेड डिस्ट्रिक्ट में यमुना एक्शन प्लान -3 के तहत स्वच्छ यमुना के लिए ओखला, रिठाला और कोंडली वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण करने के अलावा नई सीवर लाइन बिछा कर सीवरेज नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, यमुना सफाई अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं।

5379487