Logo
साइबर ठग अब अशिक्षित लोगों को ही नहीं बल्कि उच्च शिक्षित लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला नोएडा से सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने एक महिला डॉक्टर से करीब 60 लाख रुपये हड़प लिए हैं। पढ़िये पूरा मामला...

देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। केवल भोले भाले लोग ही नहीं बल्कि अब शिक्षित लोग भी साइबर ठगी के शिकार बन रहे हैं। ताजा मामला दिल्ली से सटे नोएडा से सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने पोर्न वीडियो शेयरिंग का डर दिखाकर एक महिला डॉक्टर से 59.54 लाख रुपये ठग लिए हैं। साइबर ठगों ने ठगी का जो तरीका अपनाया था, उससे पुलिस का सकते में आना लाजमी है। बहरहाल, सेक्टर 36 साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर- 77 निवासी 40 वर्षीय महिला डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली के एक अस्पताल में कार्यरत हैं। 13 जुलाई को एक अनजान नंबर से कॉल आई थी, जिसमें कॉलर ने खुद को ट्राई का कर्मचारी बताया था।

कॉलर ने कहा था कि वो उनकी कॉल को मुंबई पुलिस के पास ट्रांसफर कर रहा है। इसके बाद कॉल ट्रांसफर हुई, जिसके बाद कॉलर ने खुद को मुंबई के तिलक नगर थाना पुलिस का अधिकारी बताया। उसने कहा कि आपके खिलाफ पोर्न वीडियो शेयर करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी कर दिया गया है। यह सुनकर जब इनकार किया कि उन्होंने पॉर्न वीडियो शेयर नहीं किया है, तो दबाव बनाया कि सारे सबूत हमारे पास है। गिरफ्तारी के बाद ही कोर्ट के समक्ष पेश करना। महिला डॉक्टर का कहना है कि वो बार-बार बताती रही कि उन्होंने ऐसा नहीं किया है, लेकिन वे लगातार गिरफ्तारी का दबाव बनाते रहे।

जांच एजेंसियां भी पूछताछ करेंगी

महिला डॉक्टर की मानें तो आरोपियों ने यह भी डर दिखाया कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून से खिलवाड़ किया है और हमारी रिपोर्ट के आधार पर ईडी भी मनी लॉन्ड्रिंग के लिए कार्रवाई करेगी। यह सब सुनकर महिला डॉक्टर बेहद डर गई। इस पर कॉलर ने कहा कि अगर गिरफ्तारी से बचना है तो कुछ पैसे जमा करा दो। इस पर 15 जुलाई को डॉक्टर ने 49.54 लाख रुपये और 16 जुलाई को 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद भी आरोपी डर दिखाते रहे कि गिरफ्तारी तो होकर रहेगी। जब परिजनों से बात की तो उन्हें भी शक हुआ कि कहीं वे ठगों का शिकार तो नहीं बन गई हैं। उन्होंने अपने स्तर पर जांच की तो पाया कि यह धमकी साइबर ठगों ने दी थी। इस पर तुरंत महिला डॉक्टर नोएडा के सेक्टर-36 स्थित साइबर थाना पुलिस में जाकर शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

5379487