Logo
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.5 या उससे थोड़ा ज्यादा रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

Delhi Weather: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कई दिनों से हांड कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। साथ ही कोहरा भी कोहराम मचा रहा है। आईएमडी ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों के लिए कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी किया है। दिल्ली में चल रही शीत लहर से आम जनजीवन भी प्रभावित हो गया है। सड़कों पर रह रहे बेसहारा लोगों के लिए अब रैन बसेरा ही सहारा बचा है। इन हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार और एनजीओ ने सड़कों पर जीवन गुजार रहे लोगों के लिए रैन बसेरा बनाया है।

दिल्ली-एनसीआर में कितना रहेगा तापमान

इस दौरान न्यूनतम तापमान 4.5 या उससे थोड़ा अधिक रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच घटता अंतर इस बात का संकेत है कि भीषण सर्दी शुरू हो गई है। 

शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। नोएडा में भी ऐसा ही तापमान रहेगा। गाजियाबाद और गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 20 और 18 डिग्री रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। फरीदाबाद समेत दिल्ली-एनसीआर के अन्य इलाकों का तापमान भी समान रहेगा। दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी खराब मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

बेसहारा का सहारा बने रैन बसेरा 

एक रैन बसेरा दिल्ली के ताहिर पुर में बनाया गया है। इसमें ऐसे सभी लोगों के रहने का पूरा इंतजाम किया गया है जो सड़कों पर अपना जीवन बिता रहे हैं और ठंड की मार से बचने के लिए जगह की तलाश कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बेसहारा लोगों को इन रैन बसेरों में अलग-अलग प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। इसमें लोगों को कंबल, गर्म पानी, दो वक्त का खाना, दवाई और चाय की सुविधा भी दी जा रही है। इसके लिए कोई भी शुल्क नहीं वसूला जाता है। हालांकि, राजधानी में इस समय सिर्फ 200 रैन बसेरें हैं जिनमें अधिकतम 17,000 लोग रात बिता सकते हैं। 

80 उड़ानों में देरी

दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर अब तक लगभग 80 उड़ानों में देरी हुई है। खराब दृश्यता और कोहरे के मौसम के कारण हुई देरी ने कई यात्रियों के शेड्यूल को प्रभावित किया, जिससे निराशा और असुविधा हुई। ऐसे ही एक यात्री, जो गंगटोक, सिक्किम की यात्रा पर निकलने वाले थे, ने स्थिति पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हम नया साल सेलिब्रेट करने के लिए सिक्किम के गंगटोक जा रहे हैं, लेकिन हमारी फ्लाइट में 2 घंटे की देरी हो गई है। अगर इसमें और विलंब हुआ तो हम शिकायत करेंगे। 

कोहरे और कम दृश्यता के कारण ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित

मौसम की वजह से न केवल हवाई यात्रा बल्कि जमीनी परिवहन को भी झटका लगा क्योंकि दिल्ली में कुछ ट्रेनों को कोहरे और कम दृश्यता के कारण देरी का सामना करना पड़ा। अपने गंतव्य की ओर जा रहे यात्रियों ने अपनी यात्रा प्लानिंग बाधित होने पर अपनी शिकायतें व्यक्त कीं। एक यात्री ने दुख जताते हुए कहा कि मैं माता वैष्णो देवी जा रहा हूं और हमारी ट्रेन दो घंटे से ज्यादा की देरी से आई है। हमारी ट्रेन 5.30 बजे आने वाली थी, लेकिन अभी तक नहीं आई है।

CH Govt hbm ad
5379487