Logo
लक्ष्मी नगर इलाके में निर्माणाधीन फ्लैट से कई ईंटें युवक के ऊपर गिर गई। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में एक युवक की मौत होने की सूचना मिली है। दरअसल, इलाके में निर्माणाधीन फ्लैट में काम चल रहा था। इस दौरान अरबाज नाम का युवक गली से गुजर रहा था। तभी फ्लैट से युवक के ऊपर ईंटें गिर गईं। इस हादसे में युवक बुरी तरह से घायल हो गया। युवक को तुरंत घायल अवस्था में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मकान मालिक फरार

इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। इसके अलावा मुकदमा दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है। मकान मालिक की तलाश की जा रही है। वह हादसे के बाद से ही फरार चल रहा है। मृतक की पहचान अरबाज के रूप में की गई है। वह गाजियाबाद के लोनी इलाके का रहने वाला था और उसके पिता गांव में खेती करते हैं।

जांच में जुटी पुलिस

मृतक अरबाज लक्ष्मी नगर के जे एक्सटेंशन स्थित जामिया राबिया मदरसे में 12 वर्षों से पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार, जामिया राबिया मदरसे में मेडिकल कैंप लगने वाला था। इसको लेकर ही वह तैयारियों में जुटा था। मदरसे के संचालक के साथ वह शनिवार रात तकरीबन 8 बजे मेडिकल कैंप के लिए दवाई खरीदने के लिए जा रहा था। इस दौरान ही यह हादसा हो गया।

अरबाज जैसे ही फ्लैट के करीब पहुंचा, वैसे ही अचानक 10 से 12 ईंटें उसके ऊपर गिर गईं, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

5379487