Logo
दिल्ली पुलिस ने शातिर चंदा बिदल गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने चार दिन में चार वारदात को अंजाम दिया है।

Delhi News: दिल्ली पुलिस ने राजधानी समेत हरियाणा में कई जगह लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने अपने गिरोह का नाम चंदा बिदल गैंग रखा है। हालांकि, गैंग का एक आरोपी अभी भी फरार है। दिल्ली पुलिस ने इन्हें अमन विहार इलाके में एक ज्वेलरी शॉप में लूट करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी इलाके में लूट के इरादे से आए थे, लेकिन अधिक भीड़-भाड़ के चलते ज्वेलरी शॉप के बाहर फायरिंग के फरार हो गए थे। इस घटना के बाद से पुलिस को आरोपियों की तलाश थी।

चार दिन में चार वारदात

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने दिल्ली से हरियाणा के सोनीपत और पानीपत तक चार वारदातों को अंजाम दिया है। इस गिरोह के चार आरोपियों में से तीन को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने के लिए अमन विहार इलाके में एक ज्वेलरी शॉप के आसपास 500 मीटर तक लगे सीसीटीवी खंगाले। पुलिस के मुताबिक, 28 फरवरी की रात अमन विहार थाना पुलिस को एक ज्वेलरी शॉप के बाहर फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पाते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो कारतूस और गोली के निशान मिले।

पुलिस ने ऐसे की पहचान

पुलिस ने ज्वेलरी शॉप ऑनर की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों के आने-जाने के रूट का पता लगाया। इसके अलावा सीसीटीवी की मदद से पुलिस को वारदात में अंजाम देने के लिए स्विफ्ट कार का पता चला।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए कई लोगों से पूछताछ की, तो गैंग का नाम और सभी सदस्यों के नाम का पता चला। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान निशांत, हरदीप और सौरव के रूप में बताई है। आरोपियों ने पुलिस को बताया है उनके गिरोह ने 26, 27, 28 और 29 फरवरी को दिल्ली, रोहतक और पानीपत में लूटपाट की थी, दिल्ली में लूटपाट करने में असफल रहे।

5379487