Logo
Naveen Jai Hind On Swati Maliwal: आम आदमी पार्टी ने स्वाति मालीवाल को राज्यसभा के लिए नामांकित किया है। इसी बीच, उनके पूर्व पति नवीन जय हिंद की प्रतिक्रिया सामने आई है।

Naveen Jai Hind On Swati Maliwal: आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सांसद के लिए महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को टिकट दिया है। स्वाति को सुशील कुमार गुप्ता की जगह टिकट दिया गया है। मालीवाल सोमवार को दिल्ली में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इसी बीच, जयहिंद सेना के प्रमुख नवीन जयहिंद ने स्वाति मालीवाल को बधाई दी है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि स्वाति अब एक्स पर जयहिंद लिखना बंद कर दें।

नवीन जयहिंद बोले- मालीवाल को उनकी पूर्व पत्नी ना लिखा जाए

सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वाति मालीवाल को उनकी पूर्व पत्नी के रूप में संबोधित किया गया है। इसलिए वे मीडिया से गुजारिश करते हैं कि स्वाति मालीवाल को उनकी पूर्व पत्नी ना लिखा जाए। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी तरीके से उनके साथ उनका नाम ना जोड़ा जाए। नवीन जय हिंद ने गाने की एल लाइन भी गाई कि भूल गए सब कुछ, याद नहीं अब कुछ। जो भी यादें थीं, उन्हें पीछे छोड़ चुके हैं। नवीन जयहिंद ने कहा कि अब उनका रिश्ता ना तो स्वाति मालीवाल से है और ना ही आम आदमी पार्टी से है। वे दोनों का ही त्याग कर चुके हैं।

दोनों का हो चुका तलाक

मालीवाल जुलाई 2015 से दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष हैं। उस समय वह आम आदमी पार्टी की नेता थीं। इस पद पर साल 2015 से ही काबिज हैं। वह इस पद को संभालने वाली सबसे कम उम्र की महिला हैं। मालीवाल और जयहिंद दोनों अन्ना हजारे के नेतृत्व वाले इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन से जुड़े थे। इसके बाद ही दोनों की शादी हुई, जो कि सिरे नहीं चढ़ पाया और बाद में दोनों का तलाक हो गया। नवीन जयहिंद ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आम आदमी पार्टी से की थी। नवीन जयहिंद आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ा। 

ये भी पढ़ें: Delhi Politics: मालीवाल, अलका और मीनाक्षी..., 2024 के दंगल में इन तीनों पर रहेगी सबकी निगाहें

स्वाति मालीवाल ने डीसीडब्ल्यू से दिया इस्तीफा

दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा के लिए नामित किया है। इसके साथ ही उन्होंने डीसीडब्ल्यू के पद से इस्तीफा दे दिया और सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा मंजूर कर राज्यपाल के पास भेज दिया है। आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, एनडी गुप्ता और सुशील कुमार गुप्ता का कार्यकाल 27 जनवरी को खत्म हो जाएगा। AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने संजय सिंह और एनडी गुप्ता को दूसरे कार्यकाल के लिए राज्यसभा के सदस्य के रूप में जारी रखने का फैसला किया। सुशील कुमार गुप्ता की जगह स्वाति मालीवाल को राज्यसभा का मौका दिया गया है। ऐसा लग रहा है कि इस साल होने वाले हरियाणा चुनाव में सुशील कुमार गुप्ता को आम आदमी पार्टी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

आप की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) ने शुक्रवार को पार्टी की ओर से राज्यसभा नामांकन की घोषणा की। संजय सिंह फिलहाल दिल्ली शराब घोटाला मामले में जेल में हैं। हालांकि, कोर्ट ने आप के अनुरोध के अनुसार संजय सिंह को नामांकन पत्र पर साइन करने की अनुमति दी। AAP के वर्तमान में राज्यसभा में 10 सदस्य हैं, जिनमें राघव चड्ढा और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भी शामिल हैं। इस बीच, दिल्ली में 3 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया 3 जनवरी से शुरू हुई। 19 जनवरी को मतदान होगा। दिल्ली विधानसभा की 70 में से 62 सीटों पर आप का कब्जा है, इसलिए उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से चुना जाएगा।

5379487