Logo
दिल्ली के वजीराबाद इलाके में टेंपो-स्कूटी टच होने पर विवाद हो गया। इस विवाद में दोनों पक्षों ने कई राउंड फायरिंग की और एक दूसरे पर पथराव भी किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Delhi Firing: नॉर्थ दिल्ली के वजीराबाद इलाके में गोलीबारी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, वजीराबाद के संगम विहार में टेंपो और बाइक टच होने पर विवाद हुआ है। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने कई राउंड फायरिंग की और एक दूसरे पर पथराव भी किया। इसके साथ ही घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। ये घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।

तीन लोग घायल

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर को संगम विहार इलाके में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसमें तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दंगा और मारपीट की धारा सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

टेंपो-स्कूटी टच होने पर चली गोलियां

पुलिस ने बताया कि संगम विहार निवासी शावेज टेंपो (छोटा हाथी) लेकर गली नंबर पांच से गुजर रहा था। इसी दौरान सलमान की चिकन दुकान के सामने स्कूटी से टेंपो भिड़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद मारपीट होने लगी और दोनों पक्षों ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बुला लिया। इलाके में दोनों पक्षों के बीच फायरिंग होने लगी और एक दूसरे पर पथराव भी किया।

वीडियो हुआ वायरल

इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के लोग मारपीट कर रहे हैं। इसके अलावा दो लोगों को फायरिंग करते हुए भी देखा जा सकता है। पुलिस को मौके से तीन खाली खोल भी मिले हैं। वहीं, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

5379487