Logo
Weather Update: दिल्ली और हरियाणा में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने 29 और 30 जून के लिए दिल्ली और हरियाणा में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

Weather Update: राजधानी दिल्ली में मानसून की एंट्री हो चुकी है। मानसून की पहली बारिश में ही दिल्ली पानी-पानी हो गई। शुक्रवार को जगह-जगह जलभराव हो गया। वहीं, दिल्ली में आज शनिवार को भी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक दिल्ली में मानसून सीजन की रिकॉर्ड बारिश हुई। 88 साल बाद 24 घंटे में 228 मिलीमीटर पानी बरसा है, जो कि कुल मानसून सीजन का 25 फीसदी है। वहीं, हरियाणा में भी मानसून ने शुक्रवार को दस्तक दे दी।

दिल्ली का मौसम

राजधानी में शुक्रवार को मानसून की पहली बारिश ने दिल्ली को पानी-पानी कर दिया। दिल्ली में शुक्रवार को सुबह लगातार तीन घंटे तक बारिश हुई, जो पिछले 88 सालों में इस महीने हुई सबसे अधिक बारिश है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में आज शनिवार यानी 29 जून को भी बारिश का अलर्ट है। दिल्ली में अगले दो दिनों तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में पिछले 88 सालों यानी 1936 के बाद जून में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।

दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर हुआ हादसा

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत भारी बारिश के बीच गिर गई, जिससे कई कारें दब गईं और 8 लोग जख्मी हो गए। हादसा सुबह 5:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। एक व्यक्ति छत के मलबे में फंस गया था, जिसे रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान इस शख्स की मौत हो गई।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है। हरियाणा में बारिश और हवा चलने से कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया है। शुक्रवार को सिरसा का तापमान सबसे ज्यादा 40.6 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान फरीदाबाद का 24.3 दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज शनिवार को भी प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है। हरियाणा के रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में बारिश को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

5379487