Logo
Yamuna Pollution Delhi: दिल्ली में हवा के साथ ही नदियां भी दूषित हो रही हैं। प्रदूषण के कारण यमुना नदी का भी हाल बेहाल हो रहा है। इसको लेकर दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने ट्वीट करते हुए अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाए हैं।  

Yamuna Pollution Delhi:दिल्ली में वायु प्रदूषण का लेवल तो बढ़ ही रहा है। साथ ही नदियां भी प्रदूषण की मार झेल रही हैं। दिल्ली की यमुना नदी में झाग तैरता नजर आ रहा है। वायु प्रदूषण हो या जल प्रदूषण, राजनीति तो होनी ही है। दरअसल, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने यमुना नदी में तैरते जहरीले झाग की तस्वीरें अपने एक्स अकाउंट पर शेयर करके सरकार पर सवाल उठाए हैं। 

ट्वीट में LG ने उठाए सवाल

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अपने एक्स अकाउंट पर यमुना की झाग वाली तस्वीरें शेयर करते हुए सवाल उठाया। उन्होंने लिखा- महापर्व छठ से पहले यमुना नदी का हाल खराब हो जाता है। मुझसे दिल्ली का दर्द देखा नहीं जाता। यमुना नदी की दुर्दशा का जिम्मेदार कौन है? यमुना नदी को लेकर किसने कहा था कि वो उसकी सफाई कराने के बाद उसमें डुबकी लगाएंगे। पिछले साल NGT के आदेश पर जो यमुना को साफ करने का काम शुरू किया गया था, वो कोर्ट से किसने रुकवाया?

 

2015 की फोटो शेयर कर रही भाजपा -AAP

राज्यपाल के ट्वीट के बाद आम आदमी पार्ट ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- भाजपा हताश रणनीति का सहारा ले रही है और 2015 की फोटोज शेयर कर रही है। वो लोग आम आदमी पार्टी के ईमानदार शासन का मुकाबला नहीं कर सकते, इसलिए ऐसे आरोप लगाते हैं। 

वायु प्रदूषण पर राजनीति

यमुना के साथ ही दिल्ली की हवा भी काफी प्रदूषित हो चुकी है। कई इलाकों में AQI लेवल 300 के पार जा चुका है। इसको लेकर भी आम आदमी पार्टी और भाजपा अकसर एक-दूसरे के आमने-सामने नजर आते हैं। आम आदमी पार्टी का कहना है कि हरियाणा में किसानों द्वारा पराली जलाने के कारण दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ जाता है। इसके कारण दिल्ली-एनसीआर में सांस लेना भी मुश्किल होने लगता है। वहीं भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि आम आदमी पार्टी अपनी नाकामियों को हम पर थोपने की कोशिश कर रही है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में आज से लागू हुआ ग्रैप-2, जानें क्या-क्या होंगे बदलाव

5379487