अनिल विज का कांग्रेस पर जोरदार हमला: कहा- 7 महीने में नेता प्रतिपक्ष नहीं चुन पाए, पार्टी अब दिशाहीन

Anil Vij attack on Congress : हरियाणा सरकार के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए उसे दिशाहीन और बिखरी हुई पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब निर्णय लेने में पूरी तरह अक्षम हो चुकी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि पार्टी सात महीने बीत जाने के बाद भी हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ जब पूरा बजट सत्र नेता प्रतिपक्ष के बिना ही चला गया। यह दर्शाता है कि कांग्रेस न केवल आंतरिक रूप से उलझी हुई है, बल्कि नेतृत्वहीनता का भी शिकार हो चुकी है।
वक्फ संशोधन विधेयक पर भी कसा तंज
विज ने दिल्ली में वक्फ कानून में किए गए संशोधन के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कानून को संसद में पूरी संवैधानिक प्रक्रिया के तहत पारित किया गया है। विरोध करने वाले वही लोग हैं, जिन्हें न संविधान में भरोसा है, न संसद पर, और न ही अदालत के निर्णयों पर। उनका कहना था कि जब मामला कोर्ट में है, तो प्रदर्शन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने इसे "राजनीतिक नौटंकी" बताते हुए कहा कि ऐसे लोग देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं।
राहुल गांधी की विदेश में टिप्पणी पर नाराजगी
अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान भारत की चुनावी प्रक्रिया पर की गई टिप्पणी को "अशोभनीय" बताया। उन्होंने कहा- राहुल गांधी खुद को भारत माता का सपूत नहीं मानते, इसीलिए वो विदेशी धरती पर जाकर भारत की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाने का काम विदेश में करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि उन्हें कोई समस्या है, तो वे भारत की संसद में अपनी बात रख सकते थे। विदेश जाकर देश की आलोचना करना देश विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
श्रमिक सत्यापन में गड़बड़ी, बनी जांच कमेटी
मंत्री अनिल विज ने श्रम विभाग के तहत निर्माण श्रमिकों के सत्यापन में हुई अनियमितताओं का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एक ही व्यक्ति द्वारा एक लाख से अधिक श्रमिकों का वेरिफिकेशन किया गया, जो कि बेहद संदेहास्पद है। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित करने की घोषणा की। यह समिति सरकार, कर्मचारियों और नियोक्ताओं के प्रतिनिधियों से मिलकर बनाई गई है और एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
करनाल बस स्टैंड का निरीक्षण
अपने मंत्री पद की दोबारा नियुक्ति के बाद अनिल विज ने करनाल में पहली बार बस स्टैंड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS