Logo
हरियाणा के अंबाला में दंपत्ति की बेरहमी के साथ हत्या की गई। हत्यारों ने वारदात के बाद किसी चीज को हाथ नहीं लगाया और सीसीटीवी की डीवीआर को साथ ले गए। आरोपियों ने घर को बाहर से ताला लगा दिया। फोन न उठाने पर परिजनों ने अंदर झांक कर देखा तो हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

अंबाला: शहर के कमल विहार में दंपत्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारों ने घर में रखी किसी चीज को हाथ नहीं लगाया। हत्या के बाद आरोपी घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर निकाल ले गए। साथ ही जाते समय मुख्य गेट को भी ताला लगा दिया। कई घंटे तक इस दोहरे हत्याकांड का किसी को पता नहीं चला। फोन नहीं उठाने पर परिजनों को अनहोनी होने की आशंका हुई। ऐसे में एक रिश्तेदार ने दीवार फांदकर अंदर झांककर देखा तो पति-पत्नी की लाशें खून से लथपथ मिली, जिसके बाद हत्या का पता चला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

फोन न उठाने पर खुला राज

कमल विहार में रहने वाले संजय जोशी व पत्नी पारुल जोशी की लाशें वीरवार शाम को घर में ही खून से लथपथ मिली। दोनों के शरीर पर तेजधार हथियारों से घातक वार किए गए थे। जांच टीम की माने तो संजय के पेट में चाकू घोंपने के सबूत मिले हैं। पता चला है कि संजय फाइनेंस का काम करता था जबकि उसकी पत्नी प्राइवेट जॉब करती थी। दोनों के पास कोई संतान नहीं है। बुधवार रात नौ बजे से पति-पत्नी किसी का फोन पिक नहीं कर रहे थे। परिजनों ने पास ही रहने वाले मामा बब्बू को संजय के घर भेजा। यहां आने पर बब्बू को मुख्य गेट का ताला लगा मिला। उसने दीवार फांदकर अंदर झांका तो हत्या का खुलासा हुआ।

ताला तोड़कर अंदर गई पुलिस

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में दाखिल होने लिए पहले मुख्य गेट पर लगे ताले को तुड़वाया। इसके बाद अंदर के हालात देखे। पति-पत्नी की लाशें अलग अलग पड़ी थी। लाशों के आसपास काफी खून भी पड़ा था। शुरूआती जांच में यह बात साफ हो गई कि तय योजना के तहत दोनों की हत्या की गई है। इसके बाद जांच के लिए एसपी सुरेंद्र भौरिया भी एएसपी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की। पता चला कि बुधवार रात आठ बजे के बाद संजय व पारुल का किसी परिजन से संपर्क ही नहीं हो पाया था। शुरूआती जांच में इस दोहरे हत्याकांड के पीछे रंजिश नजर आ रही है।

सुरक्षित मिला कीमती सामान

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि चोरी या फिर लूट के लिए दंपत्ति की हत्या नहीं हुई है। पारुल के गले व हाथों के गहने सुरक्षित मिले। इसी तरह घर में रखे कीमती समान को भी हत्यारों ने हाथ नहीं लगाया। जांच के बाद घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी गायब मिली। पुलिस की मानें तो हत्या से जुड़े सबूत मिटाने के मकसद से आरोपी डीवीआर अपने साथ ले गए हैं। इसके बाद घर के मुख्य गेट को बाहर से ही आरोपियों ने ताला लगाया है।

मौके पर जमा हुई भारी भीड़

कमल विहार में दोहरे हत्याकांड के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ज्यादातर लोगों ने बताया कि संजय व पारुल बेहद सौम्य स्वभाव के थे। आस पड़ोस में भी उनका किसी से झगड़ा नहीं था। इसी वजह से यह माना जा रहा है कि किसी बाहरी जानकार ने ही दोनों की बेहरमी से हत्या की है। हर कोई संजय व पारुल की हत्या से सन्न नजर आया। परिजनों का विलाप कर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने के बाद घर को लॉक कर दिया है।

5379487