Logo
हरियाणा के भिवानी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब तक भारतीय जनता पार्टी है, एससी-एसटी के आरक्षण को कोई हाथ भी नहीं लगा सकता। कांग्रेस के 10 साल के शासन में हरियाणा में निवेश और नौकरी दोनों को बर्बाद करने का कार्य हुआ।

भिवानी: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोहारु में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में सेना, किसान व अग्निवीर जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति कर रही कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। राहुल गांधी ने अमेरिका में बयान दिया कि कांग्रेस आरक्षण को हटा देगी। राहुल गांधी ने कश्मीर में भी यही कहा है कि वो एससी-एसटी के आरक्षण को समाप्त कर देंगे। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की जनता निश्चिंत रहे, जब तक भारतीय जनता पार्टी है, एससी-एसटी के आरक्षण को कोई हाथ भी नहीं लगा सकता।

कांग्रेस ने हरियाणा को बर्बाद किया

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के शासन में हरियाणा में निवेश और नौकरी दोनों को बर्बाद करने का कार्य हुआ, लेकिन आज सिर्फ भिवानी जिले में प्रधानमंत्री मोदी ने 1 लाख 40 हजार किसानों के बैंक एकाउंट में 297 करोड़ रुपए सीधे भेजने का कार्य किया है। 2014 से पहले की सरकारों में खर्ची और पर्ची के बिना किसी को नौकरी नहीं मिलती थी। अब भारतीय जनता पार्टी का राज है तो खर्ची और पर्ची दोनों का प्रचलन खत्म हो चुका है। किसानों की 67800 हेक्टर भूमि की सिचाई करा कर उत्पादकता को बढ़ाने का कार्य किया है।

भाजपा ने खेलों को दिया बढ़ावा

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों और खिलाड़ियों की बात करती है, लेकिन भाजपा ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में हरियाणा के हर जिले में खेल के लिए बेहतर मैदानों का निर्माण किया और युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित किया। हर ब्लॉक, हर तहसील में खेलने और कोचिंग की सुविधा भाजपा की सरकार करेगी। कांग्रेस के राज में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भी कम शासन नहीं किया, उनको जबाव देना चाहिए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में एमएसपी पर कितनी खरीद की। हुड्डा ने एमएसपी के नाम पर केवल चार फसलों की खरीदारी की थी, जबकि नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार 24 फसलों की एमएसपी पर खरीदारी करती है।

कांग्रेस में अंतर कलह की लड़ाई

अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर चुटकी लेते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी में अंतर कलह की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी में लड़ाई खुद कांग्रेस से ही है। चार लोग एक दूसरे को हराकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, जो पार्टी खुद से ही लड़ने में व्यस्त है वो क्या ही चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। अमित शाह ने कहा कि सेना को सशक्त करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी और उमर अब्दुल्लाह ने सांठ-गांठ कर एक एजेंडे पर आपसी सहमति बनाई। राहुल गांधी को ये बात समझ लेनी चाहिए कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी बैठे हैं और राज्य में तो नेशनल कांफ्रेंस व कांग्रेस की सरकार बनने वाली नहीं है।

अग्निवीरों को नौकरी देना भाजपा की जिम्मेदारी

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा सेना में सबसे ज्यादा जवान भेजने वाला प्रदेश है, यहां के सैनिक 40 सालों से वन रैंक, वन पेंशन की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने नहीं दी। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया-मनमोहन ने भी नहीं दिया। हरियाणा की जनता ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और 2015 में वन रैंक, वन पेंशन को लागू कर दिया। जब केन्द्र सरकार अग्निवीर योजना लेकर आई तो कांग्रेस और राहुल गांधी राजनीति कर रहे हैं। हुड्डा एंड कंपनी के लोग पूछ रहे थे, अग्निवीरों का बाद में क्या होगा? भारत सरकार के गृह विभाग और देश की पुलिस ने अग्निवीरों को 20 प्रतिशत देने की घोषणा की है।

राहुल गांधी झूठ बोलने की मशीन

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलने की मशीन हैं, जो हर भाषा में झूठ बोल सकते हैं। राहुल गांधी हरियाणा के चुनाव से पहले स्पष्ट करें कि कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करने का कार्य अच्छा था या बुरा? राहुल संसद में कहते हैं कि कांग्रेस ने भाजपा के अयोध्या के मकसद को हरा दिया, लेकिन अयोध्या में भाजपा का मकसद तो राम मंदिर बनाना था। राहुल गांधी को पसंद आए न आए, लेकिन राम मंदिर का निर्माण देश की जनता के दिल की आवाज थी और इसे भाजपा ने पूरा किया।

5379487